रायबरेली में दिशा समिति की बैठक में छाए रहे राहुल गांधी: बदहाल सड़कों की तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों और योगी सरकार के मंत्रियों को किया हैरान

REGIONAL

रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के बचत भवन में आयोजित दिशा समिति की बैठक के दौरान रायबरेली की जर्जर और खराब सड़कों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन और प्रिंट आउट पर सड़कों के बड़े-बड़े गड्ढों की तस्वीरें दिखाईं और तीखे सवाल किए कि इन सड़कों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? राहुल गांधी ने दो टूक कहा कि सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण आम जनता और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जेब से फोन निकालकर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को जब तस्वीर दिखाई, तो उसे देखकर मंत्री भी कुछ पलों के लिए हैरान रह गए। बैठक में मौजूद अधिकारियों के पास इन सवालों का कोई जवाब नहीं था। दरअसल, यह तस्वीर रायबरेली में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई ‘दरीबा से कठघर मार्ग’ की थी, जो कथित तौर पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाने के कारण पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। निर्माण के कुछ ही वर्षों के भीतर इस सड़क पर गड्ढे उभर आए हैं, जिससे रोजाना गुजरने वाले हजारों राहगीरों और वाहनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने निर्माण करने वाले ठेकेदार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

​’जब सरकार फंड दे रही है, तो काम क्यों नहीं हो रहा?’

मीटिंग के दौरान राहुल गांधी काफी आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने अधिकारियों से सीधे सवाल किया कि जब सरकार की ओर से पर्याप्त फंड जारी किया जा रहा है, तो विकास कार्य क्यों नहीं हो रहे हैं? उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर देते हुए सड़क मरम्मत का कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा और सड़कों के नियमित रखरखाव को लेकर भी लंबी चर्चा हुई। राहुल गांधी ने अधिकारियों को जल्द से जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा, ताकि मरम्मत कार्यों की प्रगति की सही समीक्षा की जा सके।

​कलेक्ट्रेट में करीब ढाई घंटे चली इस बैठक से पहले राहुल गांधी ने सुबह एक ‘जनता दरबार’ भी लगाया, जहां एक महिला कांग्रेस नेता ने उन्हें राखी बांधी। इस दौरान कई स्थानीय सपा नेताओं ने भी उनसे मुलाकात की। जनता दरबार और दिशा समिति की बैठक संपन्न होने के बाद राहुल गांधी लखनऊ के लिए रवाना हो गए, जहां से उन्हें दिल्ली जाना था।

कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय का बयान

दूसरी ओर, बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने विकास कार्यों का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के मुकाबले, जहां केवल 18 से 20 प्रतिशत लोगों को राशन मिलता था, वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अकेले रायबरेली जिले में 21,92,000 लोगों को 5 किलो मुफ्त राशन मिल रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया।

सड़कों की स्थिति पर बात रखते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में अकेले रायबरेली जिले में लगभग 16,000 छोटी और बड़ी सड़कों का निर्माण कराया गया है। बैठक में केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जमीनी हकीकत और उनके क्रियान्वयन की भी गहन समीक्षा की गई, जिससे जिले के आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल सके।

कलेक्ट्रेट के बचत भवन में आयोजित इस बैठक में अमेठी के सांसद किशोरी लाल, ऊंचाहार से बीजेपी विधायक मनोज पांडेय और एमएलसी व राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित कई प्रमुख अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh