आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शिव नगर में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रसिद्ध दूध व्यवसायी की मुन्ना डेरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में डेरी परिसर के साथ-साथ आसपास खड़े वाहन और परचूनी का सामान भी इसकी चपेट में आ गया। गनीमत रही कि समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय डेरी मालिक के यहां लगन–सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। खुशियों के माहौल में अचानक उठी आग की लपटों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में एक XUV 700, एक इको कार और तीन ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इसके अलावा डेरी में रखा लाखों रुपये का परचूनी सामान और डेयरी से जुड़ा अन्य माल भी आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार नुकसान करोड़ों रुपये तक होने की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि शॉर्ट सर्किट की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। घटना के बाद देर रात तक शिव नगर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों की भीड़ जमा रही।
- सीबीएसई ने जारी की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट; 16 फरवरी से शुरू होंगी दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं - November 6, 2026
- उत्तराखंड राज्योत्सव में गरजे अमित शाह; कहा— “राहुल गांधी ‘वोट बचाओ’ नहीं, बल्कि ‘घुसपैठिया बचाओ’ यात्रा निकाल रहे हैं” - November 6, 2026
- सीतापुर में धनतेरस पर दर्दनाक सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 महिलाओं की मौत, 11 घायल - November 6, 2026