यूपी में नववर्ष पर बदलेगा मौसम का मिज़ाज: कोहरे से राहत, तापमान में बढ़ोतरी और कहीं-कहीं बारिश के संकेत

REGIONAL

लखनऊ: नए साल की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बीते एक सप्ताह से उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में छाए घने कोहरे के धीरे-धीरे छंटने के आसार हैं। धूप निकलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की भी संभावना जताई है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर रहे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण वायुमंडलीय अस्थिरता बढ़ रही है। इसी प्रभाव से प्रदेश के सुदूर उत्तरी तराई और दक्षिणी भाग के कुछ इलाकों को छोड़कर अधिकांश स्थानों पर कोहरे की तीव्रता में कमी आएगी।

मौसम विभाग—India Meteorological Department—के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 2 जनवरी से पूर्वी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में कोहरे के घनत्व में स्पष्ट कमी दिखेगी। गुरुवार को प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही आगामी तीन से चार दिनों में औसत तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज किए जाने की संभावना है।

हालांकि, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर और आसपास के इलाकों में गुरुवार को भी बहुत घना कोहरा बना रह सकता है। इसके अतिरिक्त बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी है।

इन जिलों में सुबह और शाम के साथ-साथ रात के समय भी कोहरा रहने की संभावना है। दृश्यता में कमी को देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि कोहरे की तीव्रता अधिक होने पर रात में अनावश्यक यात्रा से बचें और यदि आपात स्थिति में निकलना पड़े तो धीमी गति, हेडलाइट और फॉग लाइट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।

Dr. Bhanu Pratap Singh