आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने शनिवार को तहसील सदर के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान आगामी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रविवार को पूरे जिले में व्यापक स्तर पर यह विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रत्येक मतदाता किसी भी बूथ पर जाकर अपने मतदाता संबंधी फॉर्म को भरकर जमा कर सकेगा। इस दौरान एसडीएम सदर सचिन राजपूत भी उपस्थित रहे।
डीएम बंगारी ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 75 प्रतिशत फॉर्म की फीडिंग पूरी हो चुकी है, जबकि फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में 84 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य संपन्न हो चुका है। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए रविवार का यह विशेष अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डीएम के अनुसार, रविवार सुबह से प्रत्येक बीएलओ अपने-अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे। यदि किसी मतदाता का फॉर्म खो गया है, फट गया है, या अधूरा रह गया है, तो वह बूथ पर जाकर नया फॉर्म प्राप्त कर सकता है, उसे भर सकता है और मौके पर ही जमा भी कर सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और सुधार की अंतिम तिथि 11 दिसंबर निर्धारित है। इसलिए अंतिम दिन का इंतजार न करते हुए मतदाता जल्द से जल्द अपने फॉर्म भरकर बीएलओ को सौंपें।
जिलाधिकारी ने आगरा के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें ताकि आगामी चुनावों में किसी भी मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े। जिला प्रशासन ने इसे अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए अधिक से अधिक सहभागिता की अपेक्षा जताई है।
- गौमाता के चरणों में उमड़ी आस्था, दीपों से जगमगाई गौशाला: श्री मनःकामेश्वर मठ की ओर से धूमधाम से मनाया गया गोपाष्टमी महोत्सव - November 17, 2026
- पीएम मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए महाअनुष्ठान, सांसद नवीन जैन और पीएनसी परिवार के नेतृत्व में कमला नगर में अष्टानिका महापर्व का अलौकिक आगाज - November 17, 2026
- आगरा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही: नलकूप कनेक्शन के इंतजार में सिंचाई के अभाव में सूखने लगी किसान की फसल - November 17, 2026