आगरा। थाना बसई अरेला क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के पास रखा 20 लाख रुपये कीमत के जेवरात से भरा बैग सड़क पर गिर गया। घायल युवक को पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। होश आने पर उसने बैग गायब होने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर महज एक घंटे में बैग बरामद कर लिया।
थाना निबोहरा के डाक्टापुरा निवासी प्रहलाद सिंह के पुत्र योगेंद्र सिंह अपने भाई की शादी के जेवर लेकर भदरौली जा रहे थे। गुर्जारामजस के पास अचानक आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गये। होश में आने पर योगेंद्र ने बताया कि उनकी पीठ पर जेवरात का बैग था, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और कुछ ही देर में जेवरात वाला बैग सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाकर बैग सुपुर्द कर दिया। योगेंद्र के भाई राहुल परिहार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।
दो बाइकों की भिड़ंत, युवक गंभीर घायल
बाह क्षेत्र के अंबेडकर पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिजली संविदा कर्मी पर जानलेवा हमला
थाना कस्बा पिनाहट क्षेत्र में आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों ने विद्युत संविदा कर्मी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और तीव्र था कि संविदा कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकले। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
ओवरलोड बालू से भरा ट्रक पकड़कर सीज
थाना पिनाहट क्षेत्र के भदरौली मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने ओवरलोड बालू से भरा एक ट्रक पकड़ा। चालक किसी भी प्रकार के कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में अनियमितता मिलने पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर सीज कर दिया और विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी। क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग रोकने की इस कार्रवाई की काफी चर्चा रही।
रिपोर्टर- नीरज परिहार
- आगरा में ससुरालियों की शर्मनाक करतूत: बहू के बेडरूम-किचन में लगाए CCTV कैमरे, दहेज के लिए बच्चों संग निकाला - February 20, 2026
- Agra News: एम्बुलेंस से शराब की तस्करी, हरियाणा से प्रयागराज जा रही 46 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर दबोचे - February 20, 2026
- Agra News: रामबाग फ्लाईओवर के नीचे युवती से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर जमकर हुआ हंगामा, वीडियो वायरल - February 20, 2026