आगरा। शहर के पॉश इलाके कमलानगर में एक दंत चिकित्सक ने शनिवार देर रात कथित रूप से इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। एफ ब्लॉक निवासी 32 वर्षीय डॉ. पीयूष सिंह के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने गोरखपुर की एक युवती और उसके परिजनों को अपनी मौत का ज़िम्मेदार ठहराया है।
जानकारी के अनुसार, तीन साल पहले डॉ. पीयूष की एक युवती से स्नैपचैट पर दोस्ती हुई थी। परिवार का कहना है कि हाल ही में पता चला कि युवती की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इसके बाद से ही युवती के परिजन पीयूष पर दबाव बना रहे थे। आरोप है कि उन्हें धमकियां दी जा रही थीं और झूठे मुकदमे में फँसाने की बात कही जा रही थी। परिजनों के मुताबिक युवती के घरवालों द्वारा 1090 पर कई शिकायतें भी की गई थीं, जिसके चलते हाल ही में कमलानगर पुलिस ने पीयूष और उनके पिता को पूछताछ के लिए बुलाया था।
परिजनों का कहना है कि इन घटनाओं के बाद पीयूष गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में रहने लगे थे। छोटे भाई आयुष के अनुसार, पीयूष अक्सर खुदकुशी की बातें करते थे और उन्हें लगता था कि उनकी वजह से पिता परेशान हैं।
शनिवार रात करीब 12 बजे आयुष जब कमरे में गए तो पीयूष अचेत अवस्था में पड़े मिले। पास में सिरिंज और बेहोशी की दवा की खाली शीशी मिली। परिजन उन्हें पहले हृदयम अस्पताल और फिर एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने विद्युत शॉक से बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक के पिता महिपाल सिंह बिजली विभाग से जूनियर इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- निर्जला एकादशी: आगरा के खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य फूल बंगले में विराजमान हुए बाबा - June 25, 2026
- राम मंदिर जमीन घोटाला: आप सांसद संजय सिंह ने SIT को सौंपे 13 अहम दस्तावेज, लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप - June 25, 2026
- मिशन 2027: जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन के साथ यूपी बीजेपी की नई कार्यकारिणी का ऐलान, महिलाओं को मिला विशेष प्रतिनिधित्व - June 25, 2026