आगरा। एत्माददौला थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने शहर के एक नामी स्कूल की 15 वर्षीय छात्रा के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उस पर अश्लील संदेश और तस्वीरें वायरल कर दीं। इस घटना से छात्रा और उसका परिवार मानसिक आघात में है।
पीड़िता की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी बेटी की खुद की कोई इंस्टाग्राम आईडी नहीं है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीरों और नाम का गलत इस्तेमाल कर नकली प्रोफाइल बनाई और उस पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की जा रही है।
फर्जी अकाउंट से लगातार अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिससे छात्रा की प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है और उसकी मानसिक स्थिति पर भी बुरा असर पड़ा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी इस फर्जी प्रोफाइल का इस्तेमाल आगे ब्लैकमेलिंग या आर्थिक शोषण जैसी हरकतों के लिए भी कर सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एत्माददौला पुलिस ने आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से फर्जी आईडी से जुड़े आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबर का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह घटना सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग और साइबर अपराध के नए रूपों को उजागर करती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
- श्री भावनेश्वरनाथ महादेव मंदिर में मासपरायण श्रीरामचरितमानस का सप्तम सोपान संपन्न, प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ गूंजा पूरा परिसर - August 24, 2026
- आगरा के श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया पवित्रा एकादशी उत्सव, ठाकुर श्याम बिहारी जी का हुआ मनोहारी श्रृंगार - August 24, 2026
- आगरा के श्री महालक्ष्मी मंदिर में 1 सितंबर से सजेगा 18वां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, 11 किलो की सतरंगी पोशाक और निशान यात्रा रहेगी आकर्षण का केंद्र - August 24, 2026