Agra News: मूंग-मक्का खरीद और सरसों लैब के नाम पर किसानों का शोषण, रालोद ने जिलाधिकारी को बताई समस्या

स्थानीय समाचार

आगरा। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जिलाधिकारी से मुलाकात कर दो प्रमुख माँगें उठाईं। पहली जनपद में मूंग और मक्का के सरकारी खरीद केंद्र शीघ्र खोले जाएं और दूसरी सरसों खरीद में लैब (तेल प्रतिशत) के नाम पर किसानों के शोषण पर रोक लगाई जाए और मंडी लैबों की जांच हो।

प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को बताया कि जिले में इस साल मूंग: लगभग 20,000 हेक्टेयर क्षेत्र में बोई गई, जबकि मक्का: लगभग 6,000 हेक्टेयर में बोई गई है। केंद्र सरकार ने 2025 के लिए मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8,768 रुपये प्रति क्विंटल और मक्का का 2,400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया है, लेकिन किसानों को मंडी में इसका लाभ नहीं मिल रहा है।

रालोद नेताओं ने डीएम को बताया कि मंडियों में आढ़ती मूंग को 6,200 से 6,400 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीद रहे हैं, जिससे किसानों को मूंग पर लगभग 2,500 और मक्का पर 1,000 रुपये प्रति क्विंटल तक का नुकसान हो रहा है। रालोद नेताओं ने मांग की कि किसानों के हित में शीघ्र ही सरकारी खरीद केंद्र खोले जाएं ताकि उन्हें MSP का लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दो दिन में शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा और जल्द ही खरीद केंद्र खोलने की अनुमति मिलने की उम्मीद है।

रालोद नेताओं ने बताया कि मंडियों में आढ़ती सरसों की खरीद में लैब (तेल प्रतिशत) के नाम पर किसानों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। लैब में मिलीभगत से तेल प्रतिशत कम दिखाया जाता है, जिससे किसानों को प्रति क्विंटल 600-900 रुपये तक का नुकसान होता है। साथ ही, एक क्विंटल पर 500 ग्राम अधिक तोल लिया जाता है।

रालोद ने मांग की कि किरावली, अछनेरा, खेरागढ़, जगनेर, शमशाबाद मंडियों की लैबों की जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को मंडियों की लैबों की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्रतिनिधिमंडल में रालोद के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र बघेल, महानगर अध्यक्ष पं. दुर्गेश शुक्ला, युवा जिलाध्यक्ष मयंक खिरवार, किसान प्रकोष्ठ मंडल अध्यक्ष गंगा राम पैलवार, प्रदेश मंत्री सत्यवीर सिंह रावत, संजीव शर्मा, ब्रज क्षेत्र महासचिव हरी सिंह बघेल, रन्धीर सिंह काका, युवा लोकदल ब्रज क्षेत्र महासचिव अन्नू पहलवान, महानगर महामंत्री अमरदीप गुप्ता, राहुल जुरैल, चौ. माँगे लाल, पं. जितेन्द्र शर्मा आदि शामिल थे।

Dr. Bhanu Pratap Singh