ट्रैफिक पुलिस शिक्षा विभाग व अन्य के साथ नगर निगम में की बैठक
Live Story Time
gra, Uttar Pradesh, India, Bharat. महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा है कि नगर निगम जाम का कारण बनने वाले स्कूल वाहनों का चालान करेगा। स्कूली बच्चों को लाने व ले जाने वाले वैन चालक अपने वाहनों को सड़कों के किनारे खड़ा कर शहर में खासकर एमजी रोड पर जाम की समस्या उत्पन्न कर रहे हैं। एमजी रोड पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर नगर निगम कार्यकारिणी हॉल में आयोजित एक बैठक के दौरान उन्होंने ये बात कही।
उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों को विद्यालय प्रशासन अपने स्कूल के अंदर खड़ा करायें न कि सड़क या फुटपाथ पर। उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि स्कूल के बच्चों को लाने ले जाने वाले वाहन चालक स्कूल छूटने के समय से पहले ही आकर अपने वाहनों को सड़क या फुटपाथों पर लाकर खड़ा कर देते हैं। स्कूली बच्चे में अपने दो पहिया वाहनों को स्कूल के बाहर ही खड़ा कर देते हैं। इससे ये समस्या और भी गहराती जा रही है। 18 साल से अधिक के बच्चों को बिना ड्राइविंग टेस्ट के लाइसेंस न जारी किये जाएं। समय- समय पर संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय और ट्रैफिक पुलिस की ओर से स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित कर ट्रैफिक नियमों की जानकारी बच्चों को दी जाए। इससे स्कूली बच्चों के साथ होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
स्कूल प्रबंधन पेरेंट्स मीटिंग की तरह ही अभिभावकों की बैठक में बुलाकर इस संबंध में चर्चा करें। बैठक के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए स्कूलों की छुट्टी के समय में अंतर करने का भी सुझाव देते हुए इस बात पर भी समहमति बनी कि सभी स्कूलों के द्वारा संचालित किये जाने वाले वाहनों की सूची सर्वे कराकर तैयार कर ली जाए।
स्कूल की छुट्टी के समय स्कूलों के आसपास जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के साथ ही विद्यालयों के किसी अध्यापक की भी ड्यूटी लगा दी जाए जिससे वाहन लेकर आने वाले बच्चे पुलिस को देखकर असहज महसूस कर अपने वाहनों को इधर उधर न दौड़ाएं।
बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव के अलावा प्रशासन,जिला विद्यालय निरीक्षक, संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय,पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026
- सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की अटकलों के बीच होर्डिंग वार: अब “200 सीट हक है हमारा… यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा” के लगे पोस्टर - October 25, 2026