आगरा। फतेहपुरसीकरी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्य़क्ष राज कुमार चाहर ने पुलिस आयुक्त को एक अच्छा सुझाव दिया है। इस पर अमल हो जाए तो जिले भर में थानों और चौकियों के सामने खड़े कबाड़ वाहनों की वजह से पैदा होने वाली समस्याएं दूर हो जाएंगी।
सांसद ने पुलिस आयुक्त को एक पत्र लिखकर कहा है कि थानों पर जब्त वाहनों से होने वाली दिक्कतों के निराकरण के लिए सर्किल स्तर पर सरकारी जगह का चयन कर इन वाहनों को वहां खड़ा कराया जाए।
अपने पत्र में श्री चाहर ने लिखा है कि आगरा जिले के विभिन्न थानों और चौकियों पर वर्षों से जब्त और दुर्घटनाग्रस्त वाहन खड़े हुए हैं। ये वाहन धीरे-धीरे अनुपयोगी कबाड़ में बदल रहे हैं। वाहनों के सालों तक यूं ही पड़े रहने से थानों और चौकियों पर भी तमाम अव्यवस्थाएं पैदा हो रही हैं। कहीं-कहीं ये ये वाहन थानों और चौकियों के सामने सड़कों पर खड़े करने पड़ते हैं। ये समस्या प्रायः हर थाने और चौकी पर है।
सांसद चाहर ने सुझाव दिया है कि जब्त और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को थानों और चौकियों पर खड़ा कराने के बजाय सर्किल स्तर पर कोई एक जगह चिह्ननित कर वहां खड़ा कराया जाए। इसके लिए नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, ग्राम पंचायतों और जिला पंचायत अथवा अन्य प्रशासनिक स्वामित्व की भूमि का उपयोग किया जा सकता है। इनमें से यदि कुछ वाहन पुलिस के उपयोग लायक हों तो उपयोग में लाए जाएं। शेष वाहनों की जल्द से जल्द नीलामी सुनिश्चित करने के लिए सरल प्रक्रिया अपनाई जाए।
भाजपा सांसद ने कहा कि इससे न केवल थानों में स्थानों की उपलब्धता बढ़ेगी बल्कि सरकारी संपत्ति का उचित उपयोग भी सुनिश्चित हो सकेगा। आवश्यक हो तो जमीन के संबंध में जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, डीपीआरओ और सभी उप जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर ली जाए। सांसद ने उम्मीद जताई है कि इस पर जल्द अमल होगा।
- ”मोदी सत्ता से हटेंगे तभी सुरक्षित रहेगा देश का लोकतंत्र”: रामलीला मैदान की महारैली से कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का बड़ा बयान - November 1, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर JDU का शंखनाद, वाराणसी के सम्मेलन में निशांत कुमार और संजय झा ने भरी हुंकार - November 1, 2026
- दीपावली से पहले झुनझुना बजाकर सोए जनप्रतिनिधियों को जगाया: यमुना की दुर्दशा पर आगरा में रिवर एक्टिविस्ट्स का अनोखा प्रदर्शन - November 1, 2026