आगरा। बसों में सफ़र करने वाले यात्रियों के आभूषण और नगदी चोरी करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह के 6 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की ज्वेलरी व कैश भी बरामद किया गया है। यह गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना के आधार पर असई अरेला पुलिस द्वारा की गई। इस गिरोह ने अब तक 16 वारदातें कबूल कर ली हैं।
पकड़े गए चोरों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बसों में यात्रियों के बैग से ज्वेलरी चुराने के बाद ये फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में ज्वेलर दिनेश वर्मा को बेच दिया करते थे। पुलिस इस ज्वेलर के खिलाफ भी कार्रवाई करने जा रही है।
गिरफ्तार चोरों के नाम हैं, माहिर हुन पुत्र अकाली निवासी भानासाना, थाना एका फिरोजाबाद, जाहिद पुत्र मुम्मन, वकील पुत्र सलीम और नावेद पुत्र बत्तियर तीनों निवासी गनीमतनगर, मजरा शाहपुर, थाना भोजपुर मुरादाबाद एवं एक अन्य। अधिकांश चोर मुरादाबाद के रहने वाले हैं और आगरा में आकर वारदातों को अंजाम दिया करते थे।
एसीपी पिनाहट वीरेंद्र कुमार ने बसई अरेला पुलिस के साथ घटना का खुलासा किया और बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया है। यह गिरफ्तारी थाना बसई अरेला क्षेत्र के अरनोटा से की गई थी। एसीपी ने बताया कि आज तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि आगरा की तरफ से आ रही एक प्राइवेट बस में कुछ संदिग्ध बैठे हुए हैं। बसई अरेला पुलिस ने अरनौटा के पास बस को रुकवाकर इन सभी छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
इन सभी को थाने लाया गया। पूछताछ में इन्होंने अब तक बसों से चोरी किए जाने की 16 वारदातें कबूल की हैं। बसई अरेला थाने में भी 5 व 17 जनवरी को बसों से चुराई गई ज्वेलरी के मामले में मुकदमे दर्ज हुए थे। ये चोरियां भी इसी गिरोह ने की थीं।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह ने बीते दिनों बसों में सफर करने वाले यात्रियों के साथ चोरी की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से चोरी की गई आभूषण, जिनमें दो अंगूठी, एक मांग टीका, एक जोड़ी झुमकी और 16,740 रुपये सहित कागजात बरामद किए हैं। एक मोबाइल और 2500 रुपये अलग से बरामद हुए हैं।
एसीपी ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य बस में सवार होकर यात्रियों की रेकी किया करते थे। ये उन यात्रियों को ताड़ते थे जो बार-बार अपने सामान को देखते थे या बैग आदि में ताला लगा होता था। ये चोर उसी सामान के पास खड़े हो जाया करते थे और मौका पाते ही बैग से ज्वेलरी आदि चोरी कर लिया करते थे। इस गिरोह ने फिरोजाबाद और मुरादाबाद में भी वारदातों को अंजाम दिया है।
- आगरा के गुरुद्वारा गुरु का ताल में निहंग सिखों के शौर्य और युद्धकला का अद्भुत प्रदर्शन, घुड़सवारी और गतका के करतब देख दंग रह गई संगत - November 1, 2026
- डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के ‘यूनिफेस्ट-2026-27’ में आगरा कॉलेज का दबदबा: 69 अंक पाकर बना ओवरऑल चैंपियन, ‘जितेंद्र रघुवंशी चल वैजयंती ट्रॉफी’ की अपने नाम - November 1, 2026
- देश-विदेश के शोधार्थियों का आगरा में मंथन: ICMRP-2026 के समापन पर केबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय बोले— ‘नवाचार से मिलेगा विकास को नया आयाम’ - November 1, 2026