आगरा। नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। माना जाता है कि कन्या देवीजी का ही रूप होती है। यही कारण है कि अष्टमी तथा नवमी को कन्या पूजन कर मां दुर्गा की विदाई की जाती है। पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़ ने नवरात्रि के पहले दिन से महिलाओँ के प्रति होने वाले अपराधों के खिलाफ दस-दस दिन के अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
यह अभियान 90 दिन तक चलाए जाएंगे। महिलाओं के खिलाफ होने वाले विभिन्न अपराधों को नौ श्रेणियों में रखा गया है। प्रत्येक अपराध के खिलाफ दस दिन का अभियान चलाया जाएगा।
किसी लड़की अथवा महिला को किसी ने फेसबुक, व्हाट्सअप, इंस्टा आदि सोशल हैंडल पर यदि परेशान करने की कोशिश की तो उसकी खैर नहीं है। महिलाओँ के खिलाफ होने वाले साइबर अपराधों में पुलिस को शत प्रतिशत निस्तारण करना होगा। यह सब आपरेशन गरुड़ के तहत होगा। आज से दस दिन तक आपरेशन गरुड़ चलाया जाएगा।
इसके बाद के दस दिन एसिड बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। ज्ञात हो कि एसिड का दुरुपयोग महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध में किया जाता है। आयुक्त ने अवैध रूप एसिड बेचने वाली दुकानों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस अभियान को आपरेशन शील्ड का नाम दिया गया है।
अगले दस दिन आपरेशन डेस्ट्राय चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत अश्लील साहित्य, सीडी, डीवीडी, पोर्न फिल्म आदि का जब्तीकरण किया जाएगा।
इसके अगले दस दिन तक आपरेशन बचपन चलाया जाएगा। इसके तहत बाल श्रम, भिक्षावृत्ति तथा बाल विवाह के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें अवमुक्त कराया जाएगा।
इसके बाद के दस दिन तक आपरेशन खोज चलाया जाएगा। इस आपरेशन के तहत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाल गृहों, एनजीओ द्वारा संचालित आश्रय स्थलों का पुलिस निरीक्षण करेगी। साथ ही स्टेशन बस स्टैंड आदि पर रहने वाले बच्चों को पुर्नवासित कराया जाएगा।
इसके अगले दिन आपरेशन मजनूं चलाया जाएगा। इस आपरेशन के तहत लड़कियों के स्कूल कालेज, पार्क, बाजार आदि स्थानों पर महिलाओँ को छेड़ने वाले अवांछनीय तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
इसके बाद अगले दस दिन तक शराबियों, गंजेड़ी,चरसी तथा अन्य मादकपदार्थ का सेवन करने वाले अभ्यस्त लोगों के खिलाफ तथा ऐसे स्पाट जहां खुले में शराब पी जाती है। ऐसे स्पाट के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद के दस दिनों तक स्पा सेंटर, मसाज पार्लर, होटल में तस्करी कर लाई जाने वाली लड़कियों व महिलाओं को रेस्क्यू कर पुर्नवासित करते हुए विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान को आपरेशन रक्षा नाम दिया गया है।
इसके बाद दस दिन तक आपरेशन ईगल चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत महिला संबंधी अपराधों में वांछित तथा जेल से बाहर आए अभियुक्तों के तहत अभियान चलाया जाएगा।
- आगरा खंड एमएलसी चुनाव में वोसा की एंट्री, डॉ. राहुल राज और मदन मोहन शर्मा को बनाया प्रत्याशी; यूजीसी नियमों के विरोध को बनाया बड़ा मुद्दा - October 3, 2026
- आगरा खंड एमएलसी चुनाव: भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन के साथ दाखिल किए नामांकन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले— संगठन की ताकत से जीतेंगे दोनों सीटें - October 3, 2026
- आगरा के शास्त्रीपुरम में शर्मा इंडस्ट्रीज की फैक्ट्री में लगी आग: डस्ट कलेक्टर एरिया से उठा धुआं, 150 से अधिक कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला गया - October 3, 2026