Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. शास्त्रीपुरम जन सेवा समिति आगरा पंजीकृत ने आज अवंती बाई चौराहा शास्त्रीपुरम पर धरना प्रदर्शन किया बड़ी संख्या में लोग समर्थन देने आते रहे। प्रातः ढोल के साथ क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली गई इसके बाद धरना शुरू हुआ। सबकी एक ही मांग है कि शास्त्रीपुरम के घरों में पानी न घुसे, इसके लिए कच्चा नाला बनाया जाए पक्का नाला बाद में बनता रहेगा। घोषणा की गई है कि 16 सितंबर, 2024 को बाजार बंद रखा जाएगा। धरना यथावत जारी रहेगा। धरनास्थल पर लोग आते रहे, रजिस्टर में हस्ताक्षर कर अपना समर्थन व्यक्त करते रहे।
इस बार हुई बारिश में शास्त्रीपुरम ए ब्लॉक, बी ब्लॉक, द्वारकापुरी, निखिल गार्डन, दहतोरा और आसपास की 32 कॉलोनियों में जलभराव हुआ है। घरों में पानी घुस गया इस कारण लोगों को घर छोड़ना पड़ा। 2 दिन बाद लौटे तो घरों की हालत खराब था। सारा सामान पानी में भीग गया। इससे लोगों में भारी आक्रोश है।

शाम को 4:00 बजे के आसपास नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार और जोनल अधिकारी श्री बालियान मौके पर आए। उन्होंने समिति के पदाधिकारी से बातचीत की और धरना समाप्त करने का आग्रह किया। अध्यक्ष डॉ भानु प्रताप सिंह, सचिव डॉक्टर लाखन सिंह, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह परमार, पार्षद प्रवीना राजावत, अजय सिकरवार, संजय तिवारी, सुनील शर्मा, मनोज शर्मा आदि ने उन्हें समस्या के बारे में अवगत कराया। उनसे आग्रह किया गया कि नाले का कनेक्शन कर दें, इसके लिए कच्चा नाला खोदना पड़ेगा। नगर आयुक्त पहले भी इसके लिए आदेश कर चुके हैं। जोनल अधिकारी ने मौके पर ही जूनियर इंजीनियर श्रीमती पूनम को आगणन बनाने का निर्दैश दिया। 208 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। महिलाएं भी धरना में शामिल हुईं।

जोनल अधिकारी श्री वालियान ने आश्वासन दिया कि सारा काम शुरू कर दिया जाएगा, आप धरना समाप्त कर दें। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि आपकी हर बात स्वीकार है लेकिन काम शुरू होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा। इसके बाद नगर निगम के अधिकारी और समिति के पदाधिकारी मौके पर निरीक्षण करने के लिए पहुंचे।
पार्षद प्रवीणा राजावत ने नगर निगम अधिकारियों से समन्वय किया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीपुरम के लोगों की समस्या बहुत बड़ी है, इसका समाधान तत्काल करने की आवश्यकता है। पार्षद प्रवीना राजावत ने स्पष्टतौर पर कहा कि वे धरने में शामिल नहीं है लेकिन अधिकारियों के समक्ष शास्त्रीपुरम की जनता की समस्या उठा रही हैं। समस्या का समाधान अवश्य किया जाएगा। नगर आयुक्त स्वयं चिंता कर रहे हैं।

निरीक्षण के बाद धरना स्थल पर आए। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि कल से काम शुरू कर देंगे लेकिन इससे पहले टोरंट और ग्रीन गैस वालों के साथ मीटिंग करनी होगी, उन्होंने धरना समाप्त करने का आग्रह किया। समिति के अध्यक्ष डॉ भानु प्रताप सिंह ने कहा कि जब तक काम शुरू नहीं हो जाएगा धरना जारी रहेगा। सभी ने इस बात का करतल ध्वनि के साथ स्वागत किया।

इससे पूर्व धरना प्रदर्शन को पार्षद मंजू वार्ष्णेय, किशन सिंह चाहर, कृष्ण सिंह दरोगा, डॉक्टर सुनील राजपूत (भाजपा नेता), विजयपाल मास्टर, हरिकृष्ण फौजी, हरिमोहन वर्मा, डॉक्टर देवी सिंह नरवार, सीताराम चौधरी, डॉ योगेंद्र सिंह, भारत भूषण आदि ने संबोधित किया। सभी ने कहा कि जब तक नाला का निर्माण शुरू नहीं हो जाएगा, तब तक धरना समाप्त नहीं होगा। संचालन डॉ भानु प्रताप सिंह और डॉक्टर लाखन सिंह ने किया। समाजवादी पार्टी के नेता आदित्य गौतम भी समर्थन देने पहुंचे।

मीडिया प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि राजकिशोर सिंह परमार, मनोज कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव राजवीर सिंह, संगठन मंत्री अजय सिकरवार, जगदीश सोलंकी, संगठन सचिव सुनील शर्मा, सुभाष राठौर, मुन्नालाल राजपूत, शुभम पिप्पल, रामवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह ने धरना प्रदर्शन की व्यवस्था संभाली।




- कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) आगरा इकाई का विस्तार: नरेंद्र तनेजा बने चेयरमैन और कुलदीप सिंह कोहली संयुक्त महासचिव मनोनीत - August 18, 2026
- प्रकृति से प्रेम और पर्यावरण संरक्षण ही श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश: कमला नगर में परमहंस स्वामी गिरिशानंद सरस्वती के मुख से बही श्रीमद्भागवत की अमृतधारा - August 18, 2026
- 25 वर्षों से रिश्तों की अटूट डोर बन रहा ‘माधवी बेटियों का मायका’: आगरा में आयोजित अनूठे उत्सव में झूम उठीं बेटियां - August 18, 2026