आगरा: एक युवक सिर्फ मजे लेने के लिए वंदे भारत, गतिमान और राजधानी एक्सप्रेस जैसी सुपरफास्ट ट्रेनों पर पत्थर मारकर शीशे तोड़ देता था। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कीठम के पास से इस युवक को गिरफ्तार कर लिया।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के आरपीएफ निरीक्षक शिशिर झा ने बताया कि हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत, गतिमान, राजधानी पर पथराव की शिकायतें मिल रही थीं। इसे लेकर कई दिनों से टीमें एलर्ट मोड पर थीं। बुधवार की देर शाम करीब साढ़े छह बजे रुनकता और कीठम के बीच हजरत निजामुद्दीन से मुंबई जा रही राजधानी एक्सप्रेस (22222) पर पथराव की सूचना मिली। आरपीएफ की टीम एक्शन में आ गई। राजधानी के एसी कोच ए-3 की बर्थ नंबर 17 का कांच टूटा था। हालांकि किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई थी। इससे एक दिन पहले गतिमान और शताब्दी पर भी पत्थर बरसाए गए थे।
टीमों ने कीठम के आसपास छानबीन की और वीरेंद्र कुमार पुत्र कप्तान सिंह निवासी गांव बिलहनी, डौकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में वीरेंद्र ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि गतिमान और वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी उसने ही पथराव किया था। आरोपी वीरेंद्र कुमार पहले खुद को एमबीए स्टूडेंट बता रहा था। इसके बाद बीटेक का स्टूडेंट बताने लगा। धमकी भी दे रहा था कि पुलिस कमिश्नर को शिकायत कर दूंगा।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह शौकिया तौर पर ट्रेनों पर पत्थर मारता है। उसे ट्रेनों पर पत्थर फेंक कर शीशा तोड़ने में मजा आता है। आरोपी पर रेलवे एक्ट के तहत 153 और 147 के तहत केस दर्ज किया गया और उसे जेल भेज दिया गया।
- सिंगापुर के वैश्विक मंच पर गूंजा ‘आगरा’: महापौर हेमलता दिवाकर ने विश्व के सामने रखा शहर का विकास मॉडल - June 13, 2026
- सपा की नई चुनावी कवायद: आगरा में अखिलेश यादव का ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम, स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित होगी रणनीति - June 13, 2026
- Agra News: वर्दी की हनक पर भारी पड़ी जनता की शिकायत, विजय नगर और मिढ़ाकुर चौकी प्रभारियों पर गिरी गाज - June 13, 2026