ईपीएफओ (EPFO) के छह करोड़ से अधिक मेंबर्स के लिए गुड न्यूज है। पीएफ खाताधारकों को वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 8.25 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। ईपीएफओ ने शनिवार को यह फैसला किया। फाइनेंशियल ईयर 2022-23 में यह 8.15 फीसदी और 2021-22 में 8.10 फीसदी था। इससे ईपीएफओ के 6.5 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर्स को फायदा होगा। शनिवार को हुई ईपीएफओ के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
वित्त मंत्रालय की मंजूरी के बाद इसे नोटिफाई किया जाएगा और उसके बाद इसे सब्सक्राइबर्स के अकाउंट में डाल दिया जाएगा। नोटिफाई होने के बाद यह वॉलंटरी प्रॉविडेंट फंड ((VPF) डिपॉजिट्स पर भी लागू होगा। एग्जेम्टेड ट्रस्ट्स को भी अपनी कर्मचारियों को इतना ही ब्याज देना होगा।
प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों की बेसिक सैलरी पर 12 फीसदी की कटौती ईपीएफ खाते के लिए की जाती है। साथ ही कंपनी भी इतना ही पैसा कर्मचारी के पीएफ खाते में जमा करती है। एम्प्लॉयर की तरफ से जमा किए जाने वाले पैसों में से 8.33 फीसदी हिस्सा ईपीएस (कर्मचारी पेंशन योजना) में जाता है जबकि बचा हुआ 3.67 फीसदी हिस्सा ईपीएफ में जाता है। अगर आपके अकाउंट में एक लाख रुपये जमा हैं तो इस पर आपको इस फाइनेंशियल ईयर में 8,250 रुपये ब्याज मिलेगा। यानी पिछली बार की तुलना में इस बार आपको प्रति लाख 100 रुपये ज्यादा ब्याज मिलेगा।
सूत्रों के मुताबिक इस साल ईपीएफओ को शानदार फाइनेंशियल रिटर्न मिला है। इक्विटी में इन्वेस्टमेंट पर उसे जबरदस्त रिटर्न मिला है जबकि कोविड विदड्रॉल मामूली रहा है। यही वजह है कि पीएफ ब्याज में बढ़ोत्तरी की गई है।
ऐसे चेक करें बैलेंस
अपने पीएफ खाते का बैलेंस जानने के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे अपना बैलेंस चेक कर सकते हैं। इसके लिए आप ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट epfindia.gov.in पर जाकर अपना बैलेंस जान सकते हैं। इस साइट पर जाने के बाद ई-पासबुक पर क्लिक करें। इस पर क्लिक करने के बाद आपको अपना UAN नंबर, पासवर्ड और कैप्चा भरना होगा। ऐसा करने पर आपको पीएफ खाते से जुड़ी जानकारियां दिखने लगेंगी। यहां आपको मेंबर आईडी दिखेगी। इसे सेलेक्ट करेंगे तो आपको E-Passbook पर अपना पीएफ बैलेंस दिखने लगेगा।
मिस्ड काल और एसएमएस
आपके पीएफ अकाउंट से जो नंबर लिंक है, उस नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड-कॉल करनी होगी। मिस्ड-कॉल करने के तुरंत बाद आपको आपके रजिस्टर नंबर पर एक मैसेज प्राप्त होगा, जिसमें PF बैलेंस की जानकारी मिलेगी। आप एसएमएस के जरिए पीएफ खाते का बैलेंस चेक कर सकते हैं। इसके लिए आपका UAN नंबर ईपीएफओ के साथ रजिस्टर्ड होना चाहिए। सबसे पहले रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFOHO UAN लिखकर 7738299899 पर एसएमएस करें। आपको बैलेंस से जुड़ी जानकारी जिस भाषा में उसके उसके लिए विकल्प चुनना होगा। जैसे- हिंदी के लिए EPFOHO UAN HIN लिखकर मैसेज करना होगा।
ऐप से चेक करें बैलेंस
इसके लिए सबसे पहले आपको उमंग ऐप को डाउनलोड करना होगा। इसके बाद अपने फोन नंबर को रजिस्टर करें और ऐप में लॉगिन करें। टॉप लेफ्ट कॉर्नर में दिए गए मेन्यू में जाकर ‘Service Directory’ में जाएं। यहां ईपीएफओ विकल्प को सर्च करके क्लिक करें। यहां View Passbook में जाने के बाद अपने UAN नंबर और OTP के जरिए बैलेंस देख लें।
-एजेंसी
- बदलाव की पहल: समाज सेवा के जरिए लोगों तक पहुंचा रहे मदद का हाथ -श्री धनंजय कुमार - September 14, 2026
- Tanya Mittal पहुंचीं Shatam Jeeva, Jhansi के 100 एकड़ के आयुर्वेद चिकित्सा केंद्र में, क्या है खास? - September 12, 2026
- दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2026: केंद्रीय हिंदी संस्थान के वरिष्ठ आचार्य प्रो. उमापति दीक्षित सम्मानित - September 11, 2026