राजस्थान के झुंझनूं जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी थाना इलाके में श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप पलट जाने से 9 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गये. हादसा इतना भीषण था कि आठ श्रद्धालुओं ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं एक घायल श्रद्धालु की झुंझुनू अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई. हादसा दोपहर करीब पौने तीन बजे स्टेट हाइवे नंबर 37 पर गुढ़ागौड़जी के पास हुआ. पिकअप में सवार सभी श्रद्धालु लोहार्गल से वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान ये हादसा हो गया. हादसे के शिकार हुये सभी मृतक अहीरों की ढाणी तन खेतड़ी के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
इतने बड़े हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और ग्रामीणों की सहायता से घायलों को तत्काल झुंझुनू के बीडीके अस्पताल भिजवाया. वहीं जिला कलेक्टर लक्ष्मण सिंह कुड़ी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह भी तुरंत मौके पहुंच गये. हादसे में घायलों की बड़ी संख्या देखते हुये जिला अस्पताल में अलर्ट कर दिया गया.
चार गंभीर घायल जयपुर किये रेफर
बीडीके अस्पताल में सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने कमान संभाली और तत्काल घायलों का इलाज शुरू करवाया. वहीं पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं में जुट गये. घायलों में से चार की हालत गंभीर होने के कारण उनको प्राथमिक उपचार देकर तत्काल जयपुर रेफर कर दिया गया. रेफर किये गये घायलों में राहुल, सावित्री, विमला और ऊषा शामिल हैं.
बजरी से भरे ट्रक को देखकर असहज हो गया पिकअप चालक
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हादसे के शिकार हुये लोग एक की गांव के और एक ही कुनबे हैं. ये सब सुबह शेखावाटी के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोहार्गल स्नान करने गये थे. पिकअप श्रद्धालुओं से ओवरलोड थी. वापसी में गुढ़ागौड़जी के पास सड़क किनारे बजरी से भरा एक ट्रक खड़ा था. इसके कारण पिकअप चालक असहज हो गया और वह गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा. इससे ओवरलोड पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और नौ लोगों की जान चली गई और इतने ही लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.
-एजेंसियां
- सीबीएसई ने जारी की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट; 16 फरवरी से शुरू होंगी दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं - November 6, 2026
- उत्तराखंड राज्योत्सव में गरजे अमित शाह; कहा— “राहुल गांधी ‘वोट बचाओ’ नहीं, बल्कि ‘घुसपैठिया बचाओ’ यात्रा निकाल रहे हैं” - November 6, 2026
- सीतापुर में धनतेरस पर दर्दनाक सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 महिलाओं की मौत, 11 घायल - November 6, 2026