पंजाब के बठिंडा स्थित आर्मी कैंप के अंदर हुई फ़ायरिंग में चार लोग मारे गए हैं. ये गोलीबारी सुबह करीब साढ़े चार बजे होने की जानकारी मिली है. पूरे इलाके को सील कर दिया गया है. इसके बाद क्विक रिएक्शन टीमें तुरंत सक्रिय हो गई.
गोलीबारी में कोई टेरर एंगल नहीं: एसएसपी
बठिंडा एसएसपी जीएस खुराना के अनुसार आर्मी कैंप में गोलीबारी “आतंकी हमला” नहीं है.
सेना का भी पूरे घटनाक्रम पर बयान आया
इस बीच सेना का भी इस पूरे घटनाक्रम पर बयान आया है. सेना ने किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है. सेना की तरफ से बयान में कहा है- ‘इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में हमारी आर्टिलरी यूनिट के चार जवानों की मौत हो गई है, उन सभी को बुलेट इंजरी थी. इसके अलावा कोई भी घायल या किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है. पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
घटना के बारे में तथ्यों का पता लगाने के लिए पंजाब पुलिस और सेना की ज्वाइंट टीम छानबीन कर रही है. एक इंसास राइफल के साथ 28 राउंड कारतूस गायब होने की रिपोर्ट के संबंध में सभी पहलुओं की जांच हो रही है. यह मामला चूंकि काफी संवेदनशील है, इसलिए मीडिया से अपील है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दे.’
दो दिन पहले गायब हुई थी इंसास राइफल
पंजाब पुलिस सूत्रों के मुताबिक फायरिंग की प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि यह एक आतंकी हमला नहीं है. बताया जा रहा है कि 80 मीडियम रेजिमेंट ऑफिसर्स मेस में फायरिंग की घटना हुई है. इसमें सेना के चार जवानों की मौत हो गई. इन सबके बीच दो दिन पहले गायब हुई एक इंसास रायफल और 28 कारतूस को लेकर भी राज गहरा रहा है.
क्षेत्र में स्कूल किए गए बंद
सेना ने घटना के बाद क्षेत्र के स्कूल बंद कर दिए. लोगों को अपने घरों के अंदर ही रहने को कहा गया है. सेना ने सब लोगों से इतना कहा कि इलाके में फायरिंग हुई है इसलिए अपने घरों में रहें. यह भी कहा जा रहा है कि जिस शख्स ने फायरिंग की उसे हिरासत में ले लिया गया है.
- आगरा के बल्केश्वर में टेंट गोदाम में भीषण अग्निकांड: काले धुएं के गुबार से मची अफरा तफरी, लाखों का सामान जलकर खाक - September 30, 2026
- आगरा में रंगदारी और धमकियों का खेल: मुकदमा वापस लेने या 15 लाख देने का दबाव, हिस्ट्रीशीटर समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज - September 30, 2026
- आगरा में चलती कार बनी आग का गोला: झरना नाले के पास मची अफरा-तफरी, चालक ने कूदकर बचाई जान - September 30, 2026