आगरा। प्रदेश में धार्मिक टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उनके विकास के लिए सरकार ने खजाने का मुंह खोल दिया है। आगरा में कैलाश और बटेश्वर के साथ ही अब बल्केश्वर महादेव मंदिर में भी विकास कार्य कराए जाएंगे।
प्रदेश संस्कृति और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ताजनगरी के विभिन्न पर्यटन स्थलों, मंदिरों तथा स्मारकों के निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण के लिए प्रदेश सरकार ने 11828.75 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि आगरा में देशी-विदेशी सैलानियों के भारी संख्या में आगमन को देखते हुए पर्यटन विकास की सुविधाओं को तेजी से लागू किया जा रहा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि जनपद आगरा में सरकार तीन यूनेस्को साइट के अलावा विभिन्न पर्यटन स्थल, दर्शनीय स्थल, प्राचीन मंदिरों में विकास कार्य कराने जा रहे हैं। इन स्थानों के दर्शनार्थ वर्षभर देशी-विदेशी पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल को देखने दुनियाभर से लोग आते हैं। हर साल पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। इसके दृष्टिगत पर्यटक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को विदेशी पर्यटकों के मामलों में भी पहले स्थान पर स्थापित करना है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के प्रस्ताव पर खेड़ी में धाकम माता मंदिर के पर्यटन विकास हेतु 88.30 लाख रूपये, आगरा में कैलाश मंदिर का पर्यटन विकास कार्य हेतु 1526.24 लाख रूपये, पर्यटन कार्यालय के प्रस्ताव पर आगरा के प्रमुख पर्यटन स्थलों, मंदिरों, स्मारकों पर साइनेज की स्थापना हेतु 205.62 लाख रूपये तथा विकासखंड बाह ग्राम पंचायत होलीपुरा स्थित साइनेज की स्थापना हेतु 12.48 लाख रूपये, कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय के प्रस्ताव पर दरियानाथ मंदिर परिसर का पर्यटन विकास के लिए 106.66 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि पर्यटन कार्यालय आगरा द्वारा बटेश्वर में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की जन्मस्थली पर स्मारक निर्माण के लिए 2276.73 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इसी तरह विधायक पुरूषोत्तम खंडेलवाल के प्रस्ताव पर आईटीआई के निकट बलकेश्वर मंदिर के पर्यटन विकास हेतु 147.89 लाख रूपये, डॉ. जीएस धर्मेश के प्रस्ताव पर शहीद पार्क दशरथ कुंज मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 95.11 लाख रूपये, विधायक छोटेलाल वर्मा के प्रस्ताव पर शिव मंदिर का पर्यटन विकास के लिए 88 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।
उन्होंने बताया कि विधायक रानी पक्षालिका सिंह के अनुरोध पर प्राचीन शिव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 72.60 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। बटेश्वर का समेकित पर्यटन विकास हेतु 7150.84 लाख रूपये, जिलाधिकारी आगरा के प्रस्ताव पर बादशाही बाग में प्रवेश द्वार के सौन्दर्यीकरण हेतु 49.92 लाख रूपये तथा आगरा में कोषागार परिसर में कलेक्ट्रेट बार के समीप अति प्राचीन हनुमान मंदिर के सौन्दर्यीकरण हेतु 8.46 लाख रूपये की धनराशि जारी की गयी है। इन कार्यों को पूरा करने के लिए उप्र प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड को जिम्मेदारी दी गयी है।
- आगरा में भाजपा महिला मोर्चा का उग्र प्रदर्शन, कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ सड़कों पर उतरीं महिला कार्यकर्ता, एमजी रोड पर निकला विशाल जुलूस - October 12, 2026
- अखिल विश्व गायत्री परिवार का शंखनाद: आगरा में भव्य आयोजनों की शुरुआत, दिल्ली से लेकर आवास विकास तक गूंजेगी अध्यात्म की गूंज - October 12, 2026
- एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा की ऐतिहासिक उपलब्धि: पहली बार एंडोवास्कुलर तकनीक से ‘ब्रेन AVM’ का किया सफल इलाज, 19 वर्षीय युवक को मिला नया जीवन - October 12, 2026