सीतापुर में पेड़ की डाल काटते वक्त दर्दनाक हादसा: बिजली करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम

स्थानीय समाचार

​सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलवा बसहिया में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में पेड़ की डाल काटते समय हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता और पुत्र दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलवा बसहिया निवासी 55 वर्षीय गीतू पुत्र मिश्रीलाल रविवार को अपने घर के ठीक सामने खड़े पकरिया के पेड़ की डाल काट रहे थे। इसी दौरान कटी हुई डाल अचानक ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे गीतू जोरदार करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।

​पिता को बचाने दौड़ा बेटा भी हुआ करंट का शिकार

अपने पिता गीतू को बिजली के तारों से चिपका और बुरी तरह झुलसता देख उनका 17 वर्षीय पुत्र पीयूष उन्हें बचाने के लिए तुरंत दौड़ा। हालांकि, इस कोशिश में वह भी उच्च वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। आनन-फानन में परिजनों ने दोनों गंभीर घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सांडा पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

​पुलिस ने शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए

दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही चौकी सांडा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। चौकी प्रभारी श्रीराम शुक्ला ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के वास्ते जिला मुख्यालय भेज दिया है।

परिवार के सामने आया रोजी-रोटी का गंभीर संकट

युवा पीयूष की असमय मौत ने इस गरीब परिवार के सामने जीवनयापन और पालन-पोषण का एक बेहद गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। बताया जाता है कि इस परिवार की आर्थिक स्थिति शुरू से ही बेहद दयनीय रही है। मृतक पीयूष खुद बाहर रहकर आचार्य (पूजा-पाठ) का कार्य करते थे और उसी से मिलने वाली आय से पूरे परिवार का भरण-पोषण चलता था। उनकी अचानक हुई मौत के बाद अब परिवार के सामने दो वक्त की रोटी का संकट आन पड़ा है।

गौरतलब है कि मृतक पीयूष के परिवार में उनके बड़े भाई 21 वर्षीय पवन और छोटी बहन 15 वर्षीय अंशिका हैं। परिवार पहले से ही भीषण आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा था और घर की हालत भी काफी जर्जर है। पिता और जवान बेटे की एक साथ हुई इस दर्दनाक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे और संकट में धकेल दिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh