वाराणसी/लखनऊ। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में यूथ कांग्रेस द्वारा किया गया एक प्रदर्शन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को भगवान परशुराम के अवतार में चित्रित करते हुए गंगा में दूध चढ़ाकर उनका जन्मदिन मनाया। इस पोस्टर में राहुल गांधी को एक हाथ में फरसा और दूसरे हाथ में संविधान लिए हुए दिखाया गया है, जिस पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कड़ा प्रहार किया है।
डिप्टी सीएम का तीखा प्रहार: “बुद्धि पर पत्थर पड़ गए हैं”
राहुल गांधी के इस अवतार चित्रण पर नाराजगी जाहिर करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेताओं की बुद्धि पर पत्थर पड़ गए हैं। भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के अवतार हैं। राहुल गांधी जैसे सनातन विरोधी व्यक्ति की तुलना उनसे करना बहुत महंगा पड़ेगा।” उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग सनातन संस्कृति को कभी स्वीकार नहीं करते, वे भगवान की बराबरी कैसे कर सकते हैं।
इतिहास और तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप
ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस के पुराने इतिहास को याद दिलाते हुए आरोप लगाया कि इनके शासनकाल में संतों और गौरक्षकों पर लाठियां और गोलियां बरसाई गई थीं। उन्होंने आगे कहा, “इनकी सरकार के समय में ही भगवान राम को काल्पनिक माना गया था। राहुल गांधी ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है। जब वे बिहार गए थे, तो देवोत्थावनी एकादशी के दिन उन्होंने तालाब में मछली पकड़ने का काम किया, जो उनकी सनातन विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।”
“जनता से मांगें माफी”
डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी को आत्म-मंथन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का ऐसा कोई उदाहरण नहीं है जब वे सनातन धर्म के साथ मजबूती से खड़े दिखे हों। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राहुल गांधी को इस कृत्य के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। अंत में उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “मैं ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूं कि उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करें।”
इस मामले ने राहुल गांधी के जन्मदिन के जश्न को एक राजनीतिक विवाद में बदल दिया है। जहां कांग्रेस कार्यकर्ता इसे अपने नेता के प्रति सम्मान मान रहे हैं, वहीं भाजपा ने इसे आस्था के साथ खिलवाड़ करार देते हुए इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है।
- अखिलेश यादव की पार्टी में टूट का दावा करने वाले राजभर की खुद की पार्टी संकट में? जानें क्या है पूरा मामला - June 20, 2026
- आप कितने में बिके थे? खुलासा करें, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने ओम प्रकाश राजभर से किया सीधा सवाल - June 20, 2026
- सियासी संग्राम: राहुल गांधी की परशुराम स्वरूप वाली तस्वीर पर डिप्टी सीएम का हमला, कहा- ‘सनातन विरोधियों को जनता माफ नहीं करेगी’ - June 20, 2026