आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र स्थित सर्व ओमेक्स मॉल में सोमवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कार में सवार होकर आए चार नाबालिगों ने मॉल की पार्किंग को अपना अड्डा बना लिया। कार सवारों ने यहाँ जमकर आतिशबाजी की, जिससे हुए तेज धमाकों से मॉल में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी दहशत में आ गए।
पार्किंग में मचाया उत्पात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक होंडा कार में तीन लड़के और एक लड़की सवार होकर मॉल पहुंचे थे। कार सवारों ने जबरन पार्किंग क्षेत्र में आये और वहां पटाखे फोड़ने शुरू कर दिए। धमाकों की गूंज से मॉल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मॉल की सुरक्षा टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों लड़कों को मौके पर ही धर दबोचा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों को अपनी हिरासत में ले लिया।
सीसीटीवी में कैद हुई हरकत
पूरी वारदात मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मॉल प्रबंधन ने साक्ष्य के तौर पर फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो दंग करने वाली सच्चाई सामने आई। दावा किया जा रहा है कि कार की डिक्की से भारी मात्रा में आतिशबाजी का सामान बरामद हुआ है। मॉल के मालिक सर्वप्रकाश कपूर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से बड़ी अनहोनी टल गई।
पुलिस की कार्रवाई
न्यू आगरा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार को सीज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सभी आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि मॉल के भीतर आतिशबाजी करने के पीछे उनकी मंशा केवल शरारत थी या कोई अन्य आपराधिक उद्देश्य। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बरामद सामग्री के आधार पर विधिक कार्रवाई कर रही है। यह घटना सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा मानकों और अनुशासन को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा कर गई है।
- आगरा में AI का खौफनाक दुरुपयोग: युवती की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल, एक ही परिवार के 4 पर केस - July 13, 2026
- आगरा के सूर सदन में कविताओं की महफिल: ‘घर के वास्ते’ काव्य संध्या में स्वयं श्रीवास्तव और मानिका दुबे ने बांधा समां - July 13, 2026
- आगरा के डीईआई का ‘वृक्षारोपण महायज्ञ–2026’: 1,200 स्वयंसेवकों ने यमुना तट से कैंपस तक लगाए 2,800 पौधे - July 13, 2026