लखनऊ में सीएम योगी ने किया पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मोत्सव मेला के पोस्टर और आमंत्रण पत्र का विमोचन, 7 से 10 अक्टूबर तक मथुरा में रहेगा स्वदेशी और संस्कृति का महाकुंभ

स्थानीय समाचार

लखनऊ: अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार भारत माता के महान सपूत और ‘एकात्म मानववाद’ के प्रणेता महामानव पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास (5, कालिदास मार्ग, लखनऊ) पर आगामी ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मोत्सव मेला एवं प्रदर्शनी’ के आधिकारिक पोस्टर और आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल रावी एवं कोषाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार पाठक उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि यह विराट आयोजन दिनांक 07, 08, 09, 10 अक्टूबर 2026 को पं. दीनदयाल जी की पावन जन्मस्थली नगला चंद्रभान, दीनदयाल धाम, फरह, मथुरा पर आयोजित होगा।

यह मेला समर्पित है:

1. स्वदेशी, स्वावलंबन और संस्कृति का महाकुंभ

2. अंत्योदय से आत्मनिर्भरता तक – एकात्म मानववाद का विराट मेला

3. गाँव, गौ, गंगा और ग्राम विकास को समर्पित

4. लोक कला, लोक संस्कृति और भारतीय उद्योगों एवं स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन को समर्पित

आमंत्रण पत्र के विमोचन के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने आयोजन समिति को अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं और कहा कि “अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी हम सभी के लिए आदर्श हैं।”

युवा एवं किसान सम्मेलन के लिए मिला आमंत्रण

इस मुलाकात के दौरान समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल रावी और कोषाध्यक्ष नरेंद्र पाठक ने आगामी चार दिवसीय इस विराट आयोजन की रूपरेखा और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इसके साथ ही, हिन्दू पंचांग के अनुसार आगामी 08 अक्टूबर को आश्विन कृष्ण पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर आयोजित होने जा रहे भव्य ‘युवा एवं किसान सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए सीएम योगी को सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के प्रति अपनी सकारात्मक सहर्ष स्वीकृति देते हुए इस पर शीघ्र ही औपचारिक सूचना देने की बात कही।

Dr. Bhanu Pratap Singh