आगरा: भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक माह तक चलाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत रविवार को आगरा के रतनपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर “आंगन मिलन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने शिरकत की और वहां मौजूद नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताते हुए सेवा कार्य किए।
बच्चों को पुष्टाहार खिलाकर की उत्तम स्वास्थ्य की कामना
सांसद नवीन जैन ने आंगनवाड़ी केंद्र पर पहुंचकर कुपोषण से प्रभावित बच्चों सहित अन्य छोटे बच्चों को अपने हाथों से पुष्टाहार खिलाया और उनके बेहतर स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने बच्चों की माताओं से भी विस्तार से बातचीत की और उनके पोषण, खानपान व स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
सांसद जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगल कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सेवा और जनकल्याण को सर्वोपरि रखते हुए अनगिनत योजनाएं चलाई जा रही हैं। सेवा पखवाड़े के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति और जरूरतमंदों तक पहुंचना उनके “सेवा ही संकल्प” की भावना को धरातल पर चरितार्थ करने का सशक्त माध्यम है।
समाज की सहभागिता से ही संभव है सर्वांगीण विकास: नवीन जैन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नवीन जैन ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल और पोषण का केंद्र भर नहीं है, बल्कि यह बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और उत्तम संस्कारों की मजबूत नींव रखने वाला एक पवित्र स्थान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन नन्हे बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए केवल सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय सहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा, संवेदना और आपसी सहभागिता को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। बच्चों के चेहरों की मुस्कान और माताओं के चेहरे पर संतोष का भाव ही इस प्रकार के सेवा कार्यों की वास्तविक सार्थकता है। देश का सशक्त भविष्य इन बच्चों के स्वस्थ बचपन में ही निहित है, इसलिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को अपनी क्षमतानुसार बच्चों और जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
प्रमुख रूप से इनकी रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा महानगर मंत्री श्रीमती नेहा गुप्ता, डीपीओ मनोज कुमार मौर्य, सीडीपीओ यश मेहता और क्षेत्रीय पार्षद धर्मवीर कुमार सहित विभाग के अधिकारी, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व माताएं उपस्थित रहीं।
- मैनपुरी बेसिक शिक्षा विभाग से 2143 शिक्षामित्रों की फाइलें गायब, महकमे में मचा हड़कंप - September 27, 2026
- मैनपुरी बेसिक शिक्षा विभाग से 2143 शिक्षामित्रों की फाइलें गायब, महकमे में मचा हड़कंप - September 27, 2026
- नन्हे-मुन्नों के स्वास्थ्य के लिए समाज की सहभागिता जरूरी: सांसद नवीन जैन ने ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में बच्चों को खिलाया पुष्टाहार - September 27, 2026