नन्द के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की… बधाइयों से गूंजा श्री कृष्णलीला स्थल, मयूर नृत्य ने मोहा मन

PRESS RELEASE

आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में श्री कृष्णलीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित 100 वर्ष से अधिक पुरानी ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव में सोमवार को नन्दोत्सव, मयूर नृत्य एवं पूतना उद्धार की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद गोकुल में मनाए गए आनंदोत्सव और ब्रज की उल्लासमयी परंपराओं को कलाकारों ने जीवंत कर दिया। नन्दोत्सव की बधाइयों, भजनों और मयूर नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति से पूरा लीला प्रांगण भक्तिमय हो उठा।

इससे पूर्व नन्दसखा की सवारी गोप-गोपियों के साथ बधाइयां गाते-बजाते हुए बसंत मार्केट, बल्केश्वर से निकाली गई। सवारी बल्केश्वर चौराहा होते हुए गौशाला प्रांगण स्थित लीला स्थल पर पहुंची। पारंपरिक वेशभूषा में सजे गोप-गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशियां मनाईं और बधाई गीतों से वातावरण को आनंदमय बना दिया।

श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के महंत राजेश राजौरिया और सौरभ शर्मा के साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, विजय रोहतगी, शेखर गोयल, अशोक गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, गिर्राज बंसल, अनूप गोयल, महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा, पंकज मोहन, विष्णु अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, मनीष शर्मा, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा आदि आदि ने बाल स्वरूप श्री कृष्ण की आरती उतारी। नंद सखा डॉ वेद स्वरूप शास्त्री बैंड बाजों के साथ बधाई लेकर पहुंचे।

कंस ने एक माह तक के बच्चों के वध का दिया आदेश

लीला मंचन में दिखाया गया कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की जानकारी मिलने के बाद कंस भय और क्रोध से व्याकुल हो उठा। उसने विचार-विमर्श के बाद एक माह तक के सभी बच्चों का वध करने की आज्ञा दे दी। इसके लिए सभी दिशाओं में सैनिकों की नियुक्ति की गई। इसके बाद कंस ने पूतना को ब्रज भेजा, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी दिव्य लीला से पूतना का उद्धार कर दिया।

उधर गोकुल में नन्द बाबा के घर बालक के जन्म की खुशी में नन्दोत्सव मनाया गया। गोप-गोपियों ने नन्द भवन पहुंचकर भेंट दी और बधाई गीत गाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। पूरे गोकुल में उत्सव का माहौल छा गया। लीला में गर्गाचार्य द्वारा बालक का नामकरण कर उनका नाम श्रीकृष्ण रखे जाने का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया।

साधु वेश में ब्रज पहुंचे भगवान शंकर

लीला के दौरान भगवान शंकर के साधु वेश में बालक श्रीकृष्ण के दर्शन करने ब्रज पहुंचने का प्रसंग भी भावपूर्ण ढंग से दिखाया गया। भगवान शंकर ने माता यशोदा से बालक के दर्शन कराने का अनुरोध किया, लेकिन प्रारंभ में अनुमति नहीं मिली। इसके बाद जब श्रीकृष्ण रुदन करने लगे तो भगवान शंकर को बुलाकर उनके दर्शन कराए गए। इस प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। लीलाओं का निर्देशन वृंदावन के श्री रस बिहारी कृपा सेवक ट्रस्ट के स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी महाराज द्वारा किया जा रहा है, जो स्वामी हरिगोविंद जी महाराज के शिष्य हैं।

मयूर नृत्य ने बांधा समां, बधाइयों से गूंजा लीला प्रांगण

नन्दोत्सव के अवसर पर मयूर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। ब्रज की लोक संस्कृति और परंपराओं को दर्शाती इस प्रस्तुति पर दर्शक भावविभोर होकर झूम उठे। लीला के उपरांत नन्दोत्सव मनाया गया और श्रद्धालुओं के बीच बधाइयां बांटी गईं।

मंगलवार को गोपाष्टमी पर निकलेगी प्रभु श्रीकृष्ण-बलदाऊ जी की गोचरण यात्रा

श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्य संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल के मार्गदर्शन में महोत्सव की सभी लीलाएं श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित की जा रही हैं। मंगलवार को गोपाष्टमी के पावन पर्व पर प्रभु श्रीकृष्ण एवं बलदाऊ जी की गोचारण यात्रा निकाली जाएगी। प्रातः 9 बजे यात्रा लीला स्थल, गौशाला प्रांगण से प्रारंभ होकर बल्केश्वर चौराहा, कमला नगर, सिटी मॉल के सामने, पानी की टंकी कमला नगर, मैन मार्केट चौराहा होते हुए बृज रसायन, कमला नगर पर पहुंचकर संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि सायंकाल 6:30 बजे लीला स्थल पर कालीदह मर्दन एवं माखन चोरी लीला का भावपूर्ण मंचन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से गोपाष्टमी के इस पावन अवसर पर गौचारण यात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण एवं बलदाऊ जी का आशीर्वाद प्राप्त करने और लीला दर्शन करने की अपील की।

Dr. Bhanu Pratap Singh