आगरा। ताजनगरी में प्रदेश भर के विद्युत व्यापारी जुटेंगे। इलेक्ट्रिक उद्योग का भव्य मंच सजेगा। व्यापार, तकनीक और नए अवसरों का संगम होगा। विशेषज्ञों से मुलाकात होगी। सर्वश्रेष्ठ ब्रांड्स, आधुनिक तकनीक और नवीनतम उत्पादों का प्रदर्शन होगा। उद्योग की नई संभावनाओं पर मंथन होगा।
उल्लेखनीय है कि आगरा इलेक्ट्रिक कॉन्ट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट्स एसोसिएशन द्वारा प्रादेशिक कार्यकारिणी सभा सँग पहली बार आगरा में एक दिवसीय विशाल विद्युत व्यापार मेले का आयोजन 13 सितंबर, रविवार को सुबह 10:00 बजे से रात 10:00 बजे तक ताज नगरी फेस टू, फतेहाबाद रोड स्थित हैवेन्स गार्डन में किया जाएगा।
शनिवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजक विद्युत व्यापारियों द्वारा जन जागरूकता के लिए आगरा के पहले एक दिवसीय विशाल और भव्य इलेक्ट्रिक एक्सपो-2026 का आकर्षक आमंत्रण पत्र और पोस्टर जारी करते हुए उक्त जानकारी प्रदान की गई।
एक्सपो में सबकी एंट्री रहेगी निशुल्क
अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने बताया कि 13 सितंबर, रविवार को ताज नगरी फेस टू, फतेहाबाद रोड स्थित हैवन्स गार्डन में सुबह 10:00 बजे से रात 10:00 बजे तक आगरा के पहले विशाल और भव्य इलेक्ट्रिक एक्सपो-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस विशाल विद्युत व्यापार मेले में 40 से 50 स्टॉल्स पर इलेक्ट्रिकल क्षेत्र की सभी प्रतिष्ठित कंपनियाँ, निर्माता और सर्वश्रेष्ठ ब्रांड्स अपने नवीनतम उत्पादों, आधुनिक तकनीक और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि एक्सपो में सभी की एंट्री निशुल्क रखी गई है।
प्रादेशिक कार्यकारिणी सभा में होगा मंथन
वरिष्ठ सलाहकार हरेश अग्रवाल ने बताया कि विद्युत व्यापार के इस महाकुंभ में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्रादेशिक कार्यकारिणी सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश की समस्त जिला संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रतिनिध सम्मिलित होकर उद्योग की नई संभावनाओं और व्यापारी हितों पर मंथन करेंगे। प्रदेश के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया जाएगा।
जरूरी इलेक्ट्रिकल उत्पादों पर टैक्स दर कम करे सरकार
महासचिव राकेश गुप्ता के साथ विद्युत व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने लोकतंत्र के चौथे मजबूत स्तंभ मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विनम्र अपील की है कि दैनिक जीवन और उद्योग में काम आने वाले जरूरी इलेक्ट्रिक उत्पादों पर टैक्स (जीएसटी) की दरों को कम किया जाए, ताकि आम जनता और व्यापार जगत दोनों को राहत मिल सके।
‘वोकल फॉर लोकल’ पर विशेष जोर
महासचिव राकेश गुप्ता ने बताया कि आगरा में पहली बार हो रहा यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” के विजन से प्रेरित है। उन्होंने भारतीय कंपनियों से आग्रह किया कि वे स्थानीय व्यापारियों की जरूरतों को समझें और स्वदेशी व्यापार को मजबूत करें।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बिखरेगी इंद्रधनुषी छटा
कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बताया कि शाम को 6:00 बजे से विविध मनोरंजक, ज्ञानवर्धक और संदेशप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की इंद्रधनुषी छटा सबका मन मोह लेगी। दाल बाटी का भी आयोजन किया जाएगा।
ये भी रहे शामिल..
इस दौरान राकेश अग्रवाल, संदीप तिवारी, अनंत अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, पंकज जिंदल, राजेश कुमार बरौलिया, दयानंद गुप्ता, दिलीप आहूजा, विपुल बंसल, स्वदेश बंसल, रवि अग्रवाल, अनिल कुंडलानी, संजय कुंडलानी, राधा वल्लभ अग्रवाल और निशु बंसल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
- ताजनगरी में सजेगा इलेक्ट्रिक उद्योग का भव्य मंच: 13 सितंबर को फतेहाबाद रोड स्थित हैवन्स गार्डन में होगा पहले विशाल विद्युत व्यापार मेले का आयोजन - September 5, 2026
- अखिलेश यादव का बीजेपी सरकार पर तीखा हमला: कहा- जो पार्टी मंदिर के दान-मान को लूट चुकी है, वह आस्था के प्रतीकों का मोल क्या जाने - September 5, 2026
- शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी गुरुजनों को दी शुभकामनाएं, शेयर किया खास सेल्फी वीडियो - September 5, 2026