मुरादाबाद: दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद जीआरपी (GRP) सिपाहियों और महिला यात्रियों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना को लेकर जहां जीआरपी की ओर से छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, वहीं पीड़ित परिवार की महिलाओं ने भी सिपाहियों पर मारपीट और बदतमीजी के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय पर तीखा हमला बोला है.
मुरादाबाद से नजीबाबाद के बीच हुआ विवाद, 6 नामजद पर एफआईआर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे जननायक एक्सप्रेस मुरादाबाद स्टेशन से नजीबाबाद के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान जनरल डिब्बे में सीट को लेकर हुए विवाद में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जीआरपी मुरादाबाद के सिपाही ललित सागर और अजय कुमार की बिहार के बेतिया निवासी महिला व अन्य लोगों के साथ हाथापाई हो गई।
इस मामले में जीआरपी सिपाहियों की तहरीर पर बेतिया (बिहार) निवासी रूबी देवी, उनकी पुत्रियों लक्ष्मी, सुनीता और खुशी, समस्तीपुर निवासी पिक्कू कुमार तथा दरभंगा के बहेड़ी निवासी चंदन ठाकुर के खिलाफ मारपीट और वर्दी फाड़ने समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
;
महिला और उसकी बेटी का बयान: ‘तबीयत खराब होने पर मिली थी सीट, कॉलर पकड़ने से बढ़ा विवाद’
घटना के बाद रूबी देवी और उनकी बेटियों का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में रूबी देवी की बेटी कहती नजर आ रही है कि वे लोग मोतिहारी से चढ़े थे और छठ पर्व मनाकर परिवार के साथ लुधियाना लौट रहे थे। उसके अनुसार, मुरादाबाद में दो जीआरपी सिपाही और उनके साथ दो महिलाएं चढ़ीं, जिन्हें सीट चाहिए थी। बेटी ने बताया कि उसकी मां की तबीयत काफी खराब थी और वे बीपी (BP) की मरीज हैं, जिसके चलते एक अंकल ने उन्हें बैठने के लिए अपनी सीट दी थी ताकि वे आराम कर सकें।
बेटी के मुताबिक, भीड़भाड़ वाले जनरल डिब्बे में वे महिलाएं जा चुकी थीं, लेकिन सिपाही उन्हें कथित तौर पर वापस लेकर आए और बदतमीजी करने लगे। जब किसी ने बात नहीं मानी तो वीडियो बनाने की बात हुई। आरोप है कि सिपाही ने जब उसका कॉलर पकड़ा, तो मां को गुस्सा आया और उन्होंने विरोध किया। महिलाओं का कहना है कि उनकी ओर से बोलने वाले भैया ने कॉलर पकड़ने का विरोध किया था, जिन्हें पुलिस ने अंदर कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो और मोबाइल छीनाझपटी के दौरान सिपाहियों ने उनके साथ मारपीट की।
;
आम आदमी पार्टी ने साधा निशाना, अश्विनी वैष्णव से मांगा जवाब
इस घटना का वीडियो साझा करते हुए आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट कर सरकार और रेलवे प्रशासन को घेरा। पार्टी ने लिखा कि ट्रेनों के भीतर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी द्वारा महिला के साथ मारपीट की घटना बेहद शर्मनाक है और इससे महिला सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े होते हैं।
आम आदमी पार्टी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को संबोधित करते हुए लिखा कि रेलवे केवल रील बनाने और प्रचार करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिक जिम्मेदारी है।
- पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां सावित्री देवी, हरिद्वार के चंडी घाट पर छोटे भाई ने दी मुखाग्नि - November 21, 2026
- अलीगढ़ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में बड़ा हंगामा: सात फेरे से ठीक पहले पहुंची महिला, दूल्हे को बताया अपना पति, मारपीट की नौबत तक पहुंचा विवाद - November 21, 2026
- जननायक एक्सप्रेस में जीआरपी सिपाही और महिला यात्रियों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल; छह पर मुकदमा दर्ज, आप ने बीजेपी सरकार को घेरा - November 21, 2026