गोवा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी रविवार को गोवा पहुंचे, जहाँ उन्होंने कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित ‘गोय राखोन यात्रा’ (गोवा बचाओ मार्च) के समापन समारोह में हिस्सा लिया। पिछले चार वर्षों में राहुल गांधी का यह पहला गोवा दौरा है, जो आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे जुबानी हमले किए।
‘मोदी वोट चोरी की प्लानिंग करते हैं, शाह संचालित करते हैं’
गोवा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ‘वोट चोरी’ लागू करते हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ‘वोट चोरी’ संचालित करते हैं। नरेंद्र मोदी ‘वोट चोरी’ की पूरी प्लानिंग करते हैं।”
राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके ऊपर देश भर में 45 से ज्यादा मानहानि के मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन जब वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हैं, तो बीजेपी की तरफ से कोई मानहानि का केस दर्ज नहीं किया जाता। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग डरते हैं, क्योंकि अगर इस मुद्दे पर कानूनी कार्रवाई शुरू हुई, तो मामला अदालत में चला जाएगा और पूरी सच्चाई बाहर आ जाएगी।
‘बीजेपी ने गोवा को बना दिया है करप्शन का मॉडल’
राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गोवा के युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है, लेकिन सत्ता में बैठे नेताओं के परिवार लगातार अमीर होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “बीजेपी ने गोवा को ‘करप्शन का मॉडल’ बना दिया है। दूसरे राज्यों के बीजेपी नेता गोवा सरकार से करप्शन सीखने आते हैं। हमें इस करप्शन मॉडल को खत्म करना है, जिसे केवल कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है।”
उन्होंने आगे कहा कि गोवा की सरकार किसानों और गरीबों की जमीनें छीनकर अपने अरबपति दोस्तों को करोड़ों रुपए में बेच रही है। सरकार का एकमात्र उद्देश्य गोवा से पैसा कमाना रह गया है और इस सरकार ने गोवा को एक ‘पिगी बैंक’ बना दिया है। राहुल गांधी ने विश्वास जताया कि देश और गोवा की जनता प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह की सच्चाई अच्छी तरह समझ चुकी है तथा युवा अब उनके खिलाफ खड़े हो रहे हैं।
- मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: फुटबॉल खेलकर लौटते समय हुआ हमला, ड्राइवर घायल - October 18, 2026
- आगरा के आवास विकास सेक्टर-6 में गूंजे मां भगवती के जयकारे: नवरात्रि महोत्सव की भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु - October 18, 2026
- आगरा में विश्व मेनोपॉज़ दिवस पर निकली भव्य कार रैली; महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली और नियमित परामर्श का दिया संदेश - October 18, 2026