गोरखपुर: शारदीय नवरात्र की पावन महाष्टमी तिथि पर रविवार रात गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरक्षपीठ की विशिष्ट और प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए विधि-विधान से महानिशा पूजन और हवन किया। महानिशा पूजन के इस पवित्र अनुष्ठान से पूर्व उन्होंने जगतजननी मां आदिशक्ति के अष्टम स्वरूप मां महागौरी की विशेष आराधना की। दो घंटे से अधिक समय तक चले इस अनुष्ठान के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और चराचर जगत के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
बाबा गोरखनाथ और गुरुदेव की समाधि पर टेका मत्था
रविवार को गोरखपुर आगमन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे गोरखनाथ मंदिर पहुँचे। परंपरा का पालन करते हुए उन्होंने सबसे पहले शिवावतार बाबा गोरखनाथ के मुख्य मंदिर में जाकर विधि-विधान से दर्शन और पूजन किया। इसके पश्चात उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर शीश नवाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह देर शाम से लेकर रात तक महानिशा पूजा के अनुष्ठान में लीन रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा शक्तिपीठ
गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में महानिशा पूजा का अनुष्ठान गोरक्षपीठाधीश्वर के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ। उनके गर्भगृह में प्रवेश करते ही शक्तिपीठ वैदिक मंत्रोच्चार और मां भगवती के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। दो घंटे से अधिक चले अनुष्ठान में गोरक्षपीठाधीश्वर ने गौरी गणेश पूजन, वरुण पूजन, पीठ पूजन, यंत्र पूजन, मां दुर्गा का विधिवत् पूजन, भगवान राम-माता सीता-लक्ष्मण जी का षोडशोपचार पूजन, भगवान कृष्ण एवं गोमाता का पूजन, नवग्रह पूजन, विल्व पूजन,अधिष्ठात्री देवता पूजन, शस्त्र पूजन, द्वादश ज्योर्तिलिंग-अर्धनारीश्वर एवं शिव-शक्ति पूजन, बटुक भैरव, काल भैरव तथा त्रिशूल पर्वत पूजन किया।
हवन और जौ के पौधे काटकर की लोक-कल्याण की कामना
अनुष्ठान के दौरान हवन की वेदी पर ब्रह्मा, विष्णु, रुद्र और अग्नि देवता का आह्वान कर उनका विधिवत् पूजन किया गया। इसके साथ ही शक्तिपीठ में स्थापित वेदी पर उगे जौ के पौधों को काटकर आदिशक्ति मां दुर्गा से समस्त नागरिकों के जीवन को सुखमय बनाने की प्रार्थना की गई।
यह संपूर्ण अनुष्ठान ‘श्रीदुर्गासप्तसती’ के पाठ और पवित्र वैदिक मंत्रों के साथ पूर्ण हुआ। अंत में भव्य आरती और क्षमा याचना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तगण और मंदिर के साधु-संत उपस्थित रहे।
- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का विपक्ष पर बड़ा हमला: बोले— ‘भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस, यहाँ साजिशों से नहीं केवल चुनावों से होता है सत्ता परिवर्तन’ - October 18, 2026
- मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: फुटबॉल खेलकर लौटते समय हुआ हमला, ड्राइवर घायल - October 18, 2026
- आगरा के आवास विकास सेक्टर-6 में गूंजे मां भगवती के जयकारे: नवरात्रि महोत्सव की भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु - October 18, 2026