गाजियाबाद में यूट्यूबर और CJP कार्यकर्ता नीशू आजाद के घर पर पथराव…वीडियो बनाकर लगाई सुरक्षा की गुहार

REGIONAL

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में बीती रात यूट्यूबर और CJP की कार्यकर्ता नीशू आजाद के आवास पर अज्ञात उपद्रवियों द्वारा पथराव किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित नीशू आजाद ने इस मामले में स्वतंत्र भारद्वाज और उसके समर्थकों पर घर पर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात कुछ लोग अचानक नीशू के घर के बाहर पहुंचे और पथराव शुरू कर दिया, जिसके कई पत्थर उनके घर की किचन, बालकनी और गैलरी में जा गिरे। इस अचानक हुए उपद्रव और हमले से उनका पूरा परिवार बेहद सहम गया है।

​रात में घर के बाहर धमकी देते हुए लगाए नारे

पीड़ित यूट्यूबर नीशू के मुताबिक, बीती रात करीब 11 बजे उनके घर के बाहर कुछ असामाजिक तत्व अचानक पहुंचे और नारे बाजी करते हुए पथराव करने लगे। घर के बाहर फेंके गए पत्थर सीधे बालकनी और किचन के अंदर तक आ गिरे। इसके साथ ही, नीशू ने उन लोगों पर परिवार को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

वीडियो बनाकर लगाई सुरक्षा की गुहार

अपने घर की बालकनी और किचन में बिखरे पड़े पत्थरों को दिखाते हुए नीशू आजाद ने सोशल मीडिया पर एक लाइव वीडियो शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने चिंता जताते हुए कहा है कि यदि उनके परिवार के साथ भविष्य में कोई अनहोनी या घटना होती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी किसकी होगी? परिवार की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए नीशू ने दिल्ली और गाजियाबाद पुलिस प्रशासन से अपने माता-पिता और पूरे परिवार के लिए तत्काल सुरक्षा की जोरदार मांग की है।

​आखिर किन कारणों से तूल पकड़ रहा है यह पूरा विवाद?

आपको बता दें कि नीशू आजाद एक जानी-मानी यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं, जिनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स मौजूद हैं। हालांकि, उन्हें विशेष पहचान CJP के आंदोलनों में उनकी सक्रियता से मिली है। नीशू आजाद और स्वतंत्र भारद्वाज के बीच चल रहे इस बड़े विवाद की मुख्य वजह दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़प और उसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक पॉडकास्ट वीडियो है।

बीते जून 2026 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक और अन्य शिक्षा सुधारों के खिलाफ छात्रों का भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नीशू आजाद के पिता संजय आजाद अपने मोबाइल से वहां की वीडियोग्राफी कर रहे थे, जिसे लेकर वहां मौजूद हिंदुत्ववादी इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज और उसके साथियों के साथ संजय कुमार की तीखी बहस हो गई थी।

आरोप है कि इसके बाद स्वतंत्र भारद्वाज और उसके साथियों ने संजय कुमार के सिर पर लोहे के कड़े या किसी अन्य भारी वस्तु से हमला कर दिया था, जिससे उनके सिर पर बेहद गंभीर चोटें आईं थीं। इस मामले में तीखे विरोध प्रदर्शनों और बढ़ते राजनीतिक दबाव के बाद आखिरकार दिल्ली पुलिस ने कानूनी धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों में तनाव लगातार बना हुआ है।

Dr. Bhanu Pratap Singh