कुंडा के बेंती राजभवन में बाबा बागेश्वर की श्रीराम कथा; राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी की भावुक अपील— “हजूर, मुझे भी कथा श्रवण का अवसर दें”

REGIONAL

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के चर्चित प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती राजभवन में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) की भव्य श्रीराम कथा के आयोजन की खबर से पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है। इसी पावन अवसर के बीच जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी की एक अत्यंत भावुक अपील सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।

​सोशल मीडिया पर भानवी कुमारी ने साझा की दिल की बात

भानवी कुमारी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए अपनी धार्मिक और पारिवारिक भावनाओं को व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि अपनी ससुराल (बेंती राजभवन) में पूज्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से आयोजित होने जा रही दिव्य श्रीराम कथा की जानकारी मिलने के बाद से उनका मन श्रद्धा, आस्था और असीम भावनाओं से अभिभूत है।

उन्होंने अपनी हार्दिक अभिलाषा व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस पवित्र आयोजन में व्यक्तिगत रूप से सम्मिलित होना चाहती हैं, बाबा बागेश्वर धाम सरकार के दर्शन करना चाहती हैं और भगवान श्रीराम की संगीतमय कथा का श्रवण करना चाहती हैं।

‘हजूर’ राजा भैया से की कथा में शामिल होने की अपील

भानवी कुमारी ने अपने पति रघुराज प्रताप सिंह को ‘हजूर’ कहकर संबोधित करते हुए नम्रतापूर्वक निवेदन किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा ​”मुझे पूर्ण विश्वास और आशा है कि मेरे हजूर, श्री रघुराज प्रताप सिंह जी मेरी इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए मुझे इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करेंगे, जिससे श्रीराम कथा के श्रवण और आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ पूरे परिवार को मिल सके।”

​”परिवार से नकारात्मकता और अशांति का हो अंत”

पारिवारिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए भानवी कुमारी ने प्रभु श्रीराम के श्रीचरणों में प्रार्थना की कि उनकी कृपा से परिवार में व्याप्त समस्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति का हमेशा के लिए अंत हो। उन्होंने ईश्वर से कामना की कि जिन प्रतिकूल परिस्थितियों और नकारात्मक शक्तियों ने परिवार की सुख-शांति एवं सौहार्द को प्रभावित किया है, उनसे मुक्ति मिले और परिवार में एक बार फिर से प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव एवं खुशहाली का वातावरण स्थापित हो सके।

साथ ही, उन्होंने बाबा बागेश्वर सरकार से भी आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्रदान करने की प्रार्थना की, ताकि परिवार में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो और उनके कथा में शामिल होने का मार्ग प्रशस्त हो सके।

श्रीराम कथा को बताया रिश्तों को जोड़ने का पावन माध्यम

भानवी कुमारी ने अपने संदेश में श्रीराम कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लिखा कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान मात्र नहीं है, बल्कि जीवन को मर्यादा, त्याग, करुणा, धैर्य और पारिवारिक मूल्यों की राह दिखाने वाली दिव्य प्रेरणा है। भगवान श्रीराम की मर्यादा और उनके आदर्श हम सभी को परिवार व समाज में प्रेम, सम्मान और समरसता बनाए रखने की सीख देते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि बेंती राजभवन में होने वाली यह पावन श्रीराम कथा केवल आध्यात्मिक चेतना का ही नहीं, बल्कि बिखरे हुए परिवारों को जोड़ने, रिश्तों में खोया हुआ विश्वास वापस जगाने और समाज में सकारात्मकता का संदेश देने वाला ऐतिहासिक अवसर साबित होगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh