
आगरा। ताजनगरी के थाना कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है। माइथान इलाके में महज संपत्ति के हिस्से को लेकर दो सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। छोटे भाई के साथ हुई मारपीट में 30 वर्षीय गौरव शर्मा को इतनी गंभीर चोटें आईं कि अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जिस घर में भाइयों की हंसी गूँजती थी, आज वहां केवल चीखें और मातम पसरा है।
कहासुनी से शुरू हुआ ‘खूनी’ खेल
घटना शुक्रवार देर रात सिटी स्टेशन रोड के सामने वाली गली की है। जानकारी के मुताबिक, गौरव शर्मा और उनके 24 वर्षीय छोटे भाई आकाश शर्मा के बीच काफी समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार रात भी इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि आकाश ने अपने ही बड़े भाई पर हमला बोल दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी फरार
मारपीट के दौरान गौरव को शरीर के नाजुक हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में गौरव को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि गौरव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद से ही आरोपी भाई और इलाके में तनावपूर्ण सन्नाटा है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने गौरव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आकाश शर्मा के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सटीक वजह और चोटों की प्रकृति और स्पष्ट हो सकेगी।
हिस्से की लड़ाई में उजड़ गया घर
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि संपत्ति की यह भूख एक भाई को कातिल और दूसरे को लाश बना देगी। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
- सिंधी सेंट्रल पंचायत Agra के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी का समाज के व्हाट्सएप जीवियों को करारा जवाब - April 14, 2026
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026
- ज्ञान की दीपशिखा: मन्नाश्री चौहान ने रचा इतिहास, डीईआई आगरा की बनीं टॉपर - April 10, 2026