आगरा के बल्केश्वर में श्याम नाम के जयकारों और नासिक के ढोल की गूंज के साथ निकली भव्य निशान यात्रा, उमड़ा आस्था का सैलाब

PRESS RELEASE

श्री देवी जी ट्रस्ट एवं महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा आयोजित किया गया है 18वां श्री कृष्ण जन्माष्टमी पांच दिवसीय महोत्सव

खाटू श्याम बाबा के डोले की आरती से हुआ शुभारंभ, पांच दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तीसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

11 किलो की सतरंगी पोशाक यात्रा भी बनी आकर्षण का केंद्र, वृंदावन से आई विशेष पोशाक मां महालक्ष्मी को अर्पित

आगरा। यमुना मैया के पावन तट, बल्केश्वर में स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर में चल रहे 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तृतीय दिवस गुरुवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रातःकाल भव्य निशान यात्रा में हजारों श्रद्धालु श्याम बाबा के जयकारों के साथ शामिल हुए, वहीं संध्याकाल में राधानगर से श्री महालक्ष्मी मंदिर तक निकाली गई 11 किलो की विशेष सतरंगी पोशाक यात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

श्री देवी जी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव के तीसरे दिन बल्केश्वर से वॉटर वर्क्स तक श्याम भक्ति का रंग बिखर गया। नासिक के ढोल, बैंड-बाजों और भजनों की धुनों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे।

भव्य निशान यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि लायंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व डायरेक्टर जितेंद्र चौहान ने किया। इस अवसर पर श्री देवी जी मंदिर ट्रस्ट के राम मोहन कपूर, सतीश गोपाल कपूर, अपिल कपूर, तुषार कपूर, श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री मनोज जैन एवं कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल ने विधि-विधान से खाटू श्याम बाबा के डोले की आरती उतारकर यात्रा को रवाना किया।

आरती के साथ ही पूरा परिसर “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” और “जय श्री श्याम” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान लेकर नंगे पांव बाबा के प्रति अपनी आस्था और समर्पण का भाव प्रकट किया।

निशान यात्रा की अगुवाई भगवान के आकर्षक स्वरूपों और झांकियों ने की। गणेश जी, श्री राधा-कृष्ण, महाकाल और राम दरबार की दिव्य झांकी के साथ खाटू श्याम बाबा का भव्य डोला यात्रा का प्रमुख आकर्षण बना रहा।

एक के बाद एक निकलते दिव्य स्वरूपों के दर्शन के लिए श्रद्धालु मार्ग के दोनों ओर खड़े नजर आए। श्याम बाबा के डोले के दर्शन करते ही भक्तों ने श्रद्धापूर्वक हाथ जोड़कर बाबा का जयघोष किया।

निशान यात्रा में पुरुष श्रद्धालु गुलाबी और सफेद रंग के कुर्ता-पायजामा पहनकर शामिल हुए, जबकि महिला श्रद्धालु मैहरून रंग की साड़ियों में एकरूपता के साथ यात्रा की शोभा बढ़ाती नजर आईं।

हाथों में निशान और होंठों पर बाबा श्याम का नाम लिए श्रद्धालु नंगे पांव यात्रा में आगे बढ़ते रहे। डीजे ट्रक पर बज रहे भजनों की धुनों पर युवा, महिलाएं और बच्चे भी भक्ति में झूमते दिखाई दिए।

नासिक के ढोल और बैंड-बाजों ने बनाया उत्सवमय माहौल

यात्रा में नासिक के ढोल की गूंज विशेष आकर्षण रही। ढोल की थाप और बैंड-बाजों की मधुर धुनों ने पूरे मार्ग को उत्सवमय बना दिया। श्याम भजनों पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए आगे बढ़े और शहर की गलियां श्याम नाम के जयकारों से गूंजती रहीं।

मार्ग में दर्जनभर स्थानों पर खाटू श्याम बाबा के डोले की आरती उतारी गई। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई तथा प्रसाद वितरण कर यात्रा का स्वागत किया गया। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

महालक्ष्मी के श्रीचरणों में अर्पित की गई सतरंगी पोशाक

निशान यात्रा के बाद संध्याकाल में राधानगर से श्री महालक्ष्मी मंदिर तक भव्य पोशाक यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में मां महालक्ष्मी के लिए विशेष रूप से वृंदावन में तैयार की गई 11 किलो की सतरंगी पोशाक श्रद्धा और भक्ति के साथ लाई गई।

पोशाक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। पोशाक की डलिया को श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से अपने सिर पर धारण किया और भक्ति गीतों तथा जयकारों के बीच नाचते-झूमते हुए मां के दरबार तक पहुंचे।

मंदिर पहुंचने पर विशेष सतरंगी पोशाक को विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मां महालक्ष्मी के श्रीचरणों में अर्पित किया गया।

शुक्रवार को सजेगा भव्य श्याम दरबार

श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के आगामी कार्यक्रम के अंतर्गत 4 सितंबर को भव्य श्याम दरबार सजाया जाएगा। लगभग 40×100 फीट के विशाल मंच पर बाबा श्याम का दिव्य दरबार सजेगा, जहां प्रख्यात भजन गायक ब्रजराज सिंह लक्खा, शर्मा सिस्टर्स एवं आलिया शर्मा अपनी भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।
इसी अवसर पर मां महालक्ष्मी का दिव्य श्रृंगार फूल बंगला वाटिका की थीम पर किया जाएगा तथा श्रद्धा के साथ छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे।

महोत्सव के अंतिम दिन 5 सितंबर को 7000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विशाल शाम की रसोई का आयोजन किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित

पार्षद पूजा बंसल, प्रीति पवन जैन, आदर्श नंदन गुप्त, अजय अग्रवाल, अखिलेश गुप्ता, अमित मित्तल, दिलीप बंसल, ध्रुव गर्ग, गौरव वार्ष्णेय, हेमंत मोहता, करतार चंद्र शास्त्री, मनोज जैन, केएल अग्रवाल, मनीष सिंघल, मनीष गोयल, मुकेश गुप्ता, पवन जैन, राकेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, सुमित बंसल, तनु गुप्ता, विष्णु अग्रवाल, विष्णु गर्ग, रितु अग्रवाल, आयुषी गर्ग, अंजना अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, रितु अग्रवाल, सुनीता मित्तल, आशा अग्रवाल, श्वेता बंसल, निर्मला अग्रवाल, ममता अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, गिर्राज बंसल आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh