बलरामपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल (यूनियन कैबिनेट) की बैठक में देश के सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक की वृद्धि करने वाले परिसीमन विधेयक के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पारित कराने की तैयारी कर रही है और इसके लिए राजनीतिक समर्थन जुटाने में लगी है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में केंद्रीय कैबिनेट के फैसले का आभार जताते हुए प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन बिल का समर्थन करने की भावुक अपील की है, ताकि महिलाओं के लिए संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग सुगम हो सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, “यूनियन कैबिनेट के द्वारा परिसीमन बिल पास करने पर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और यूनियन कैबिनेट का हृदय से धन्यवाद…मैं उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा के माननीय सांसदों से अपील करूंगा कि वे इस बिल का समर्थन करें और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें।”
बलरामपुर में समाचार एजेंसियों से बातचीत और ‘नारी शक्ति वंदन’ पर जोर
बलरामपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया एजेंसियों से बातचीत करते हुए कहा, “केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन बिल पास करने के अवसर पर मैं प्रधानमंत्री और केंद्रीय कैबिनेट का हृदय से धन्यवाद करता हूं। हम आभारी हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संसद से पहले ही पास हो चुका है। कैबिनेट के द्वारा इस बिल के 2029 में लागू करने का मार्ग प्रशस्त होने के साथ ही यह सुनिश्चित हो गया है कि संसद और विधानसभा में 50 फीसदी जो सीटें बढ़ेंगी, उसके कारण 33 फीसदी महिला आरक्षण का रास्ता प्रशस्त हो जाएगा…।”
उन्होंने आगे कहा, “आधी आबादी को देश की संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने की जो यह पहल है, यह स्वागत योग्य है और एक समय सीमा के अंदर यह लागू हो जाए, यह अभिनंदनीय है। मैं उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा के सांसदों से अपील करूंगा कि वे इस बिल का समर्थन करें और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें। यह नारी शक्ति के सशक्तिकरण से समृद्ध भारत का मार्गप्रशस्त करने का एक बेहतरीन अवसर है।”
- ‘मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुसलमानों के लीडर नहीं हो सकते’, लखनऊ में पोस्टर वॉर से गरमाई यूपी की राजनीति - November 28, 2026
- सीएम योगी ने परिसीमन बिल का किया स्वागत, यूपी के सभी 80 सांसदों से की समर्थन की अपील - November 28, 2026
- कानपुर की सरकारी संस्था ALIMCO पर CBI की छापेमारी: व्हीलचेयर आपूर्ति में करोड़ों की कमीशनखोरी और ठेकों में गड़बड़ी का आरोप; खंगाले गए दस्तावेज - November 28, 2026