मथुरा: महिला बैंककर्मी से जुड़े बहुचर्चित मामले में पुलिस ने समाजवादी पार्टी के नेता सैयद राजन अहमद रिजवी को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय रिजवी मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरार चल रहा था और अलीगढ़ के क्वारसी थाना क्षेत्र स्थित धर्रामाफी गांव में अपने किसी रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। मथुरा कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से दबिश देकर रविवार को उसे धर दबोचा।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित महिला बैंककर्मी की शिकायत पर मथुरा कोतवाली में गत 16 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी राजन रिजवी ग्राहक बनकर बैंक आता था और बाद में किसी तरह उसका निजी मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद वह व्हाट्सएप पर लगातार संदेश भेजकर उसे परेशान करने लगा तथा उसकी गतिविधियों पर नजर रखने की कोशिश करता था।
मामला तब और चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर एक कथित व्हाट्सएप चैट वायरल हुई। इस चैट में महिला की तारीफ करने के साथ-साथ उसे अपनी नौकरी छोड़ने की सलाह दी गई थी और यह दावा किया गया था कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वह उसे ‘सीएम कोटे’ के जरिए आईएएस (IAS) अधिकारी बनवा देगा।
महिला ने इस आपत्तिजनक बातचीत और हरकतों का विरोध करते हुए पुलिस से औपचारिक शिकायत की थी। मामला तूल पकड़ते ही सपा ने आरोपी नेता को अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश पद से भी हटा दिया था।
अलीगढ़ से दबोचकर मथुरा लाई पुलिस
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी राजन रिजवी मथुरा छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए उसकी लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को दोपहर करीब 2:50 बजे अलीगढ़ के क्वारसी थाना क्षेत्र के धर्रामाफी गांव में स्थित रिश्तेदार के घर पर दबिश दी गई और आरोपी को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे तुरंत मथुरा लेकर आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है, और जांच पूरी होने के बाद तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट होगी।
- यूपी में पूरी तरह प्रतिबंधित हुए हुक्का बार, इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, मुख्य सचिव और DGP को भेजा आदेश - September 29, 2026
- मिथिला मगन भई, आज सिया का जनम भयो… आगरा जनकपुरी महोत्सव में मां जानकी के प्राकट्य पर गूंजेंगे बधाई गीत, महिला समिति की विशेष नृत्य प्रस्तुतियां - September 29, 2026
- पितृपक्ष: पूर्वजों और दोहराते जीवन-पैटर्न को समझने का समय: Psychic Medium Daksh - September 29, 2026