आगरा। “मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवउ सो दशरथ अजिर बिहारी…”—श्रीराम के विवाहोत्सव की मंगल बेला जैसे-जैसे निकट आ रही है, वैसे-वैसे रामलीला महोत्सव में अयोध्या और मिथिला का उल्लास भी चरम पर पहुंच रहा है। रविवार को नेहरू नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर से राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल (सादाबाद) और रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल परिवार सहित बैंड-बाजों की मधुर धुन के बीच राजा जनक के निवास पर पहुंचे। हाथों में शगुन की थालियां, फल, मेवा, मिष्ठान और रजत जड़ित आमंत्रण पत्र था। भाव था—“आइए जनक जी, प्रभु श्रीराम की लगुन-सगाई के मंगल उत्सव में पधारिए।”
रामलीला महोत्सव 2026 के अंतर्गत निकली यह लगुन-सगाई की न्योता यात्रा पूरी तरह अयोध्या के राजसी और पारिवारिक वातावरण का जीवंत रूप बन गई। श्री अग्रवाल बैंड की धुन पर परिवार के सदस्य नृत्य करते हुए राजा जनक और रानी सुनैना के निवास तक पहुंचे। द्वार पर ढोल की थाप गूंजी तो मानो मिथिला में अयोध्या के आगमन का उत्सव साकार हो उठा।
राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल ने परिवार सहित राजा दशरथ और रानी कौशल्या का मोतियों की माला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। महिलाओं ने ‘लगुन आई हरे हरे’ सहित पारंपरिक शगुन गीत गाकर वातावरण को विवाहोत्सव की मधुरता से भर दिया।
राजा दशरथ परिवार की ओर से फल, मेवा, मिष्ठान और रजत जड़ित आमंत्रण पत्र भेंट करते हुए प्रभु श्रीराम की लगुन-सगाई के लिए राजा जनक को स्नेहपूर्वक न्योता दिया गया।
“शुभ लगुन शुभ घड़ी आई, अवध में मंगल बेला छाई। जनक भवन अब सजने लागा, राम विवाह का संदेशा भागा।”
राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल ने बताया कि सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में प्रभु श्रीराम की लगुन-सगाई और मेहंदी-संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी मंगल अवसर का निमंत्रण लेकर वह परिवार सहित माता जानकी के पिता राजा जनक के निवास पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि परिवारों को प्रेम और आत्मीयता के सूत्र में बांधने वाला अवसर है।
रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने बताया कि 7 अक्टूबर को जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन होगा। प्रभु श्री शालिग्राम को उनके परिवार की ओर से दूल्हे के रूप में विवाह स्थल तक ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि चार वर्ष पूर्व अमरकंटक में वहां के महंत जी ने उन्हें शालिग्राम जी प्रदान किए थे। अब प्रभु की इच्छा मानकर शालिग्राम जी को दूल्हे के रूप में विद्युत सज्जा से सजे सिंहासन पर विराजमान कर राम बारात में ले जाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शालिग्राम जी का वृंदावन से विशेष श्रृंगार और पोशाक तैयार करवाई गई है। तुलसी विवाह को लेकर पूरे परिवार में उत्साह का वातावरण है। मां तुलसी के घर पधारने पर उनके स्वागत और विराजमान होने के लिए घर में विशेष क्यारी भी बनवाई गई है।
दशरथ-जनक परिवार के मिलन से साकार हुई अयोध्या-मिथिला की आत्मीयता
राजा दशरथ के परिवार के पहुंचने पर जनक निवास में ऐसा वातावरण बना, जैसे सचमुच अयोध्या से बारात का संदेश लेकर कोई अपना मिथिला पहुंचा हो। महिलाओं ने मंगल गीत गाए, बच्चों ने उत्साह के साथ नृत्य किया और दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर राजा दशरथ के परिवार से आयुषी गर्ग, कृष्णा गर्ग, रजत सिंघल, निमिषा सिंघल, क्रियांश, अनिका, जय आदित्य, प्रथमय एवं जनक परिवार शोभित गोयल, मोहित गोयल, स्मृति गोयल, रिनी गोयल, कमल नयन, सुनीता मित्तल, अनुप्रिया गोयल, मंजू बंसल, रामू गोयल, नरेश मंगल, शुभम अग्रवाल, शैंकी, शिल्पी, शिप्रा, निक्की, मंजू, आयुषी सहित श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, मुकेश जौहरी, मोनिका जौहरी, अंजुल बंसल, रामकिशन अग्रवाल, राकेश जैन, संजय तिवारी, राहुल गौतम, रमांशु शर्मा, विकास अग्रवाल तथा जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव, मनोज बंसल, संतोष कटारा, संजय गोयल, अरविंद शर्मा, अजय गर्ग अवागढ़, प्रशांत जैन, पंकज पाठक, शुचि खंडेलवाल, ऋषि खंडेलवाल आदि उपस्थित रहे।
- संत रविदास की वाणी से गूंजा आगरा का समरसता महोत्सव: अंतिम दिन उमड़ा 5-6 हजार का जनसैलाब, भक्ति और सामाजिक एकता में डूबे श्रद्धालु - October 4, 2026
- दीपावली से पहले योगी सरकार दे सकती है कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, यूपी विधानसभा चुनाव से एक और अनुपूरक बजट की तैयारी - October 4, 2026
- मेरठ में फिल्मी अंदाज में हाईवोल्टेज ड्रामा: गर्लफ्रेंड के साथ मोमोज खा रहा था पति, पत्नी ने पकड़ा तो कार के बोनट पर लटकाकर 100 मीटर तक दौड़ाता रहा वाहन - October 4, 2026