लखनऊ में 5वां राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह: पीएम मोदी बोले- ‘हुनरमंद युवाओं का रोजगार AI भी नहीं छीन सकता’

NATIONAL

लखनऊ। सर्राफा बाजार में सोने और चांदी के दामों में आ रही लगातार गिरावट के पीछे की वजह का शनिवार को खुलासा हो गया है, और यह जानकारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साझा की है। शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह’ में शिरकत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्ष उन्होंने देश की जनता से एक साल तक सोने-चांदी की खरीदारी न करने का आग्रह किया था। देशवासियों ने उनकी इस अपील को गंभीरता से लिया, जिसका परिणाम आज बाजार में साफ नजर आ रहा है और पिछले कई दिनों से सोने-चांदी की कीमतें लगातार नीचे गिर रही हैं।

युवाओं को कौशल विकास की अहमियत से रूबरू कराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कुशल और हुनरमंद युवाओं की आजीविका को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसी तकनीक भी नुकसान नहीं पहुंचा सकती। उन्होंने रेखांकित किया कि भारत सदियों से अपनी अद्भुत कारीगरी और हस्तशिल्प के बल पर वैश्विक पटल पर पहचाना जाता रहा है, किंतु गुलामी के दौर की मानसिकता के कारण हुनर से जुड़े कार्यों को वह मुकाम और आदर नहीं मिल सका जिसके वे हकदार थे।

प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि कौशल विकास मंत्री जयंत चौधरी ने इस विशाल आयोजन के लिए लखनऊ का चयन किया, और उत्तर प्रदेश का सांसद होने के नाते उन्हें इस बात पर बेहद गर्व है। उन्होंने बताया कि दिन का उनका पहला कार्यक्रम आईआईटी खड़गपुर की 75वीं वर्षगांठ से जुड़ा था और इसके तुरंत बाद वे आईटीआई के विद्यार्थियों के मध्य पहुंचे हैं। आईआईटी हो या आईटीआई, दोनों ही श्रेणियों के छात्र राष्ट्र की अनमोल धरोहर हैं, क्योंकि देश का विकास युवाओं की दक्षता पर ही टिका होता है। कांजीवरम सिल्क, कलमकारी और लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी कला का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की वास्तविक पहचान हमेशा से उसके कुशल कारीगरों से रही है।

​ग्रेटर नोएडा करेगा ‘विश्व कौशल प्रतियोगिता 2027’ की मेजबानी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा करते हुए बताया कि भारत वर्ष 2027 में अंतरराष्ट्रीय स्तर की ‘विश्व कौशल प्रतियोगिता’ (WorldSkills Competition) की मेजबानी करने जा रहा है, जिसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इससे दुनिया भर के प्रतिभावान युवाओं के स्वागत के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को भी व्यापक लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यूपी आज आधुनिक एक्सप्रेसवे, नए विश्वविद्यालयों और बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए तरक्की की नई इबारत लिख रहा है। राज्य में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण संयत्र स्थापित हो रहे हैं और ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्माण भी शुरू हो चुका है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के अंदर अपराध मुक्त और सुरक्षित माहौल तैयार हुआ है।

उन्होंने युवाओं को बड़े लक्ष्य तय करने, अपने हुनर को निरंतर निखारने और आत्मबल के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि वे खुद को एकाकी न समझें, पूरी सरकार उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए साथ खड़ी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh