लखनऊ में शादी से इनकार पर घर में घुसकर तेजाब से हमला: बेटी को बचाने आई मां पर चाकू से वार, युवती व माता-पिता झुलसे; आरोपी की लोगों ने की पिटाई

Crime

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर युवती पर तेजाब फेंक दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने और बेटी को बचाने पहुंची मां पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। घटना के दौरान आरोपी मुन्ना ने युवती के साथ उसके माता-पिता पर भी तेजाब फेंका, जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

​प्राप्त विवरण के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत उदयगंज की है। रविवार तड़के लगभग 4 बजे आरोपी युवती के घर में दाखिल हुआ और तेजाब से हमला कर दिया। वारदात के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक युवती की स्थिति नाजुक बनी हुई है, वहीं उसके माता-पिता भी गंभीर रूप से झुलसे हैं।

​लगातार बना रहा था शादी का दबाव

​बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार के मुखिया शहनवाज उर्फ सानू पेशे से कारपेंटर (बढ़ई) का कार्य करते हैं। आरोप है कि आरोपी युवती पर लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती और उसके परिवार ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया था। इसी रंजिश व बौखलाहट के चलते आरोपी ने तड़के घर में घुसकर इस जघन्य घटना को अंजाम दिया।

Dr. Bhanu Pratap Singh