लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दशहरे के पावन पर्व से ठीक पहले लगे कुछ अनोखे और विवादित पोस्टर शहरभर में चर्चा का विषय बन गए हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर ‘भारत विरोधी दशानन रावण’ के नाम से लगाए गए इन पोस्टरों में देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियों के चेहरों को रावण के दस सिरों की तरह दर्शाया गया है।
इन पोस्टरों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, दिवंगत माफिया-पूर्व सांसद अतीक अहमद, अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क और मुख्तार अंसारी समेत कुल 10 लोगों के चेहरे शामिल हैं। दावा किया जा रहा है कि इन पोस्टरों को ‘सनातन रक्षा संगठन’ की ओर से लगाया गया है।
पोस्टर में किन-किन चेहरों को किया गया है शामिल?
सामने आए पोस्टरों में रावण के अलग-अलग सिरों के रूप में अतीक अहमद, अखिलेश यादव, राहुल गांधी, एलन मस्क, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर, बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस, उद्योगपति व निवेशक जॉर्ज सोरोस, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण और मुख्तार अंसारी के चेहरे लगाए गए हैं। संगठन का आरोप है कि ये सभी लोग प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भारत विरोधी गतिविधियों और देश की व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिशों में शामिल रहे हैं।
सनातन रक्षा संगठन के गंभीर आरोप
सनातन रक्षा संगठन ने पोस्टर के माध्यम से इन सभी पर तीखे हमले किए हैं। संगठन ने एलन मस्क के सोशल मीडिया पोस्ट, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर के भारत विरोधी बयानों और उनके पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के दौरे का हवाला दिया है। इसके अलावा, बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद मोहम्मद यूनुस की भूमिका और भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के संदर्भ में दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों का जिक्र भी किया गया है। वहीं, अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस पर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने के लिए फंडिंग करने का पुराना आरोप दोहराया गया है।
अखिलेश यादव और प्रशांत भूषण पर भी निशाना
पोस्टर के जरिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण को भी आड़े हाथों लिया गया है। संगठन का आरोप है कि अखिलेश यादव ने ऐसे लोगों के साथ मंच साझा किया है जो कथित तौर पर भारत में तख्तापलट की बात करते हैं। इसके साथ ही प्रशांत भूषण पर भी सार्वजनिक मंचों से देश में तख्तापलट से जुड़े बयान देने का आरोप मढ़ा गया है।
लखनऊ के विभिन्न चौराहों पर लगे इन पोस्टरों के बाद राजधानी की सियासत में गर्माहट आ गई है। हालांकि, इन पोस्टरों में लगाए गए सभी आरोप सनातन रक्षा संगठन के अपने दावे हैं, और किसी भी स्वतंत्र एजेंसी या अदालत द्वारा इनकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और प्रशासन स्तर पर भी इन पोस्टरों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है।
- मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग: फुटबॉल खेलकर लौटते समय हुआ हमला, ड्राइवर घायल - October 18, 2026
- आगरा के आवास विकास सेक्टर-6 में गूंजे मां भगवती के जयकारे: नवरात्रि महोत्सव की भव्य महाआरती में उमड़े श्रद्धालु - October 18, 2026
- आगरा में विश्व मेनोपॉज़ दिवस पर निकली भव्य कार रैली; महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली और नियमित परामर्श का दिया संदेश - October 18, 2026