हनुमान जी के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य श्रीरामकथा का भूमि पूजन करुणानिधान परिवार के सदस्यों ने किया, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने उतारी आरती
15 से 23 सितंबर तक जेपी वेडिंग ग्राउंड में बहेगी रामभक्ति की रसधारा, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई, पेयजल, सचल शौचालय, चिकित्सा, फायर और एंबुलेंस व्यवस्था के निर्देश
आगरा। जय श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान के गगनभेदी जयकारों, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच ताजनगरी की पावन धरा पर श्रीरामकथा के दिव्य महापर्व की आधारशिला रखी गई। फतेहाबाद रोड स्थित जेपी वेडिंग ग्राउंड में विश्वविख्यात श्रीराम कथावाचक मोरारी बापू की नौ दिवसीय श्रीरामकथा के लिए विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ।
करूणानिधान परिवार द्वारा आयोजित इस दिव्य श्रीरामकथा महोत्सव में आगामी 15 से 23 सितंबर तक ताजनगरी में श्रीराम नाम की पावन रसधारा बहेगी। लगभग दो दशक से अधिक समय बाद आगरा के रामभक्तों को एक बार फिर मोरारी बापू की अमृतमयी वाणी में श्रीरामकथा का रसपान करने का सौभाग्य प्राप्त होगा। नौ दिनों तक प्रेम, भक्ति, मर्यादा, करुणा और मानवता के संदेशों से ओतप्रोत कथा के माध्यम से हजारों श्रद्धालु राममय होकर प्रभु श्रीराम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।
भूमि पूजन आचार्य संतोष शास्त्री के मार्गदर्शन में वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने हनुमान जी एवं मोरारी बापू के चित्र के समक्ष आरती उतारकर आगामी श्रीरामकथा आयोजन की सफलता, जनकल्याण और विश्व मंगल की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंत्री ने दिए विशेष निर्देश
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मोरारी बापू की श्रीरामकथा में देश-विदेश एवं विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को लेकर विशेष पहल की है। उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कथा स्थल तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों का जीर्णोद्धार एवं समुचित साफ-सफाई और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीने के पानी के टैंकर तथा सचल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था कराने के लिए भी नगर निगम प्रशासन को निर्देशित किया है। साथ ही उन्होंने नगर आयुक्त से अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा आयोजन स्थल का निरीक्षण कर समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए कहा है।
इसके अतिरिक्त केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी पत्र लिखकर कथा स्थल पर चिकित्सा सुविधाओं और एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। अग्निशमन विभाग को भी निर्देश दिए ताकि विशाल धार्मिक आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्रीराम का आदर्श जीवन देता है सत्य और मर्यादा की प्रेरणा : प्रो. बघेल
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि श्रीरामकथा भारतीय संस्कृति, संस्कारों और जीवन मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन प्रत्येक व्यक्ति को सत्य, मर्यादा, कर्तव्य और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आगरा में मोरारी बापू जैसे विश्वविख्यात संत की श्रीरामकथा का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सौभाग्य और आनंद का अवसर है।
पूरे शहर को रामभक्ति के रंग में रंग देगी कथा : पुरुषोत्तम खंडेलवाल
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि मोरारी बापू की अमृतवाणी सुनने के लिए देश और विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। आगरा में आयोजित होने वाली यह नौ दिवसीय श्रीरामकथा पूरे शहर को रामभक्ति के रंग में रंग देगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करने वाला एक विराट आध्यात्मिक महोत्सव बनेगा।
15 सितंबर को आगरा पहुंचेंगे मोरारी बापू
आयोजन समिति के ललित गुप्ता और सतीश कुमार शाह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय संत मोरारी बापू 15 सितंबर को शाम 4 बजे आगरा पहुंचकर श्रीरामकथा का शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात 16 सितंबर से 23 सितंबर तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे मोरारी बापू श्रद्धालुओं को श्रीरामकथा का रसपान कराएंगे।
नौ दिनों तक चलने वाली यह कथा रामभक्तों के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अवसर होगी, जिसमें श्रीराम नाम की महिमा, रामचरितमानस के विविध प्रसंगों और भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन की दिव्य व्याख्या सुनने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
32 बाई 40 फीट का भव्य मंच, व्यासपीठ पर विराजेगा हनुमान जी का दिव्य स्वरूप
मनीष मित्तल और अंशुल गुप्ता ने बताया कि कथा स्थल को भव्य, व्यवस्थित और आध्यात्मिक स्वरूप देने की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। आयोजन स्थल पर 32 बाई 40 फीट के विशाल मंच का निर्माण किया जाएगा, जिस पर भव्य कथा व्यासपीठ स्थापित होगी।
पूरा पंडाल वाटरप्रूफ और वातानुकूलित होगा तथा लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। व्यासपीठ पर हनुमान जी का दिव्य एवं भव्य स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
मंच सज्जा और कथा स्थल की व्यवस्थाओं में रामभक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि कथा स्थल पर पहुंचते ही श्रद्धालु स्वयं को श्रीराम नाम और भक्ति की दिव्य अनुभूति से जुड़ा हुआ महसूस करें।
आयोजन समिति ने आगरा सहित ब्रज क्षेत्र और आसपास के सभी रामभक्तों एवं श्रद्धालुओं से नौ दिवसीय श्रीरामकथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम नाम की रसधारा और मोरारी बापू की अमृतवाणी का लाभ लेने का आह्वान किया है।
ये रहे भूमि पूजन में उपस्थित
भूमि पूजन समारोह में ललित गुप्ता, मनीष मित्तल, सतीश शाह, अंशुल गुप्ता, कार्तिक गुप्ता, कौशल सिंघल, मनोज त्रिपाठी, राकेश गुप्ता, लता गुप्ता, साक्षी मित्तल, रीटा शाह, निराली शाह, देवेश शाह, दिव्या गुप्ता, आस्था गुप्ता, दिगंबर सिंह धाकरे, नवीन गौतम आदि उपस्थित रहे।
- आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, मेले से लापता हुई लड़की का शव पेड़ से लटका मिलने से मचा हड़कंप - September 14, 2026
- आगरा बेसिक शिक्षा विभाग में ट्रांसफर सूची को लेकर मचा हड़कंप, खंड शिक्षाधिकारी के पद पर दर्ज हो गया सहायक अध्यापक का नाम - September 14, 2026
- आगरा के बापू नगर में 60 वर्षों से बसे 200 से अधिक परिवारों पर मंडराया बेघर होने का खतरा, सिंचाई विभाग के नोटिस से मची खलबली - September 14, 2026