मेरठ में ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते होटल से भागी हिन्दू लड़की, दो दिन होटल में बंधक बनाकर रखा, आरोपी सलमान छत से कूदकर फरार

Crime

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक युवती को होटल में दो दिनों तक बंधक बनाए रखने और सरेआम मारपीट किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आने के बाद इलाके में हंगामा मच गया है। मेरठ के आबूलेन स्थित होटल में युवती को बंधक बनाने का आरोपी सलमान फिलहाल फरार है।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर मेरठ पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश व छापेमारी की जा रही है। उधर, व्यस्त बाजार में युवती के साथ सरेआम मारपीट और जबरन उठा ले जाने के प्रयास को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। संगठनों ने आरोपी के ‘हाफ एनकाउंटर’ के साथ-साथ बिना आईडी (ID) के कमरा उपलब्ध कराने वाले होटल संचालक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, भीड़ जुटते ही छत से भागा आरोपी

प्राप्त विवरण के मुताबिक, सड़क पर आवाजाही के बीच अचानक एक युवती गली से निकलकर भागती हुई दिखाई दी, जिसके पीछे एक युवक भी दौड़ता नजर आया। युवती सड़क पार कर निकलने का प्रयास कर रही थी, लेकिन पीछे से आए युवक ने उसे दबोच लिया। आरोप है कि युवक ने युवती को उठाकर सड़क पर पटका और फिर जबरन वापस उसी गली की ओर ले गया। सामने आई सीसीटीवी फुटेज में आसपास लोगों की मौजूदगी दिखती है, हालांकि शुरुआत में किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ एकत्र हुई और कुछ लोगों ने युवती को बाहर निकाला, जिसके बाद मौके पर मौजूद एक युवती ने उसे संभाला और पानी पिलाया।

​बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान सलमान के रूप में हुई है, जो भीड़ को जुटता देख होटल की छत के रास्ते मौके से भाग निकला।

आरोप है कि पहले से शादीशुदा सलमान ने इस युवती को मेरठ के आबूलेन स्थित ‘होटल स्क्वायर’ के एक कमरे में दो दिनों से कैद कर रखा था और उस पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। मामला सामने आने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस युवती को थाने लेकर आई और उसकी तहरीर के आधार पर आरोपी सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

​नौकरी दिलाने के बहाने बुलाकर होटल में बनाया बंधक

​जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी युवती की पहचान करीब एक साल पहले मेरठ के सलमान से हुई थी, जब दोनों एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। हाल ही में युवती का विवाह तय हो गया, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी। इस दौरान आरोपी सलमान ने कई बार उससे मिलने का प्रयास किया, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया। दो दिन पहले युवती अपनी सहेली के घर मेरठ आई थी। इसकी भनक लगने पर सलमान ने उसे नौकरी दिलाने का बहाना बनाकर बुलाया और आबूलेन मार्केट स्थित स्क्वायर होटल ले जाकर कमरे में बंधक बना लिया।

होटल संचालक और कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

इस पूरे प्रकरण में मेरठ के होटल स्क्वायर के संचालक की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि होटल में युवती को बिना वैध पहचान पत्र (ID) के कमरा आवंटित किया गया था। दूसरी ओर, घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।

नगीना सांसद व आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर मेरठ के आबूलेन जैसे व्यस्त बाजार में हुई इस घटना को कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के लिए गंभीर विषय बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच व कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हिंदू संगठनों के विरोध और बढ़ते दबाव के बीच मेरठ पुलिस आरोपी सलमान की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न टीमें लगाकर छापेमारी कर रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh