बसपा सुप्रीमो “मायावती का बड़ा ऐलान: बुलंदशहर से आगरा और कानपुर तक… तूफानी दौरे करेंगे आकाश आनंद”

POLITICS

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी संगठन को लेकर बड़े और अहम खुलासे किए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद अब आगामी संगठनात्मक आयोजनों और चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता से जुटेंगे। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट साझा करते हुए जानकारी दी है कि आकाश आनंद आगामी 28 अक्टूबर से विभिन्न जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही उन्हें पंजाब और उत्तराखंड में होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों की भी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

​आकाश आनंद के दौरों का शेड्यूल और अन्य कार्यक्रम

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट के जरिये बसपा सुप्रीमो मायावती ने बताया कि आकाश आनन्द, अपने रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ द्वारा राजनीति से संन्यास लिये जाने के उपरान्त, अब बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में काफी सूझबूझ व परिपक्वता (मैच्युरिटी) प्रदर्शित करते हुये बीएसपी पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों को, परिवार व रिश्ते-नाते आदि के ऊपर प्राथमिकता देते हुये, अपनी ज़िम्मेदारी को निभाने में काफी मेहनत व तेज़ी से लग गये हैं, जबकि ’बहुजन समाज’ के लोगों को उनसे पूरी अपेक्षा भी है। इसी क्रम में आकाश आनन्द आगामी28 अक्तूबर 2026 को ज़िला बुलन्दशहर में, 02 नवम्बर को जिला सहारनपुर में, 20 नवम्बर को ज़िला अयोध्या में, 22 नवम्बर को ज़िला आगरा में और 29 नवम्बर 2026 को ज़िला कानपुर नगर में बी.एस.पी. द्वारा आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे।”

​‘अशोक सिद्धार्थ थे पिछले घटनाक्रमों के लिए जिम्मेदार’

​मायावती ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि आकाश आनंद अपने रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में पूरी परिपक्वता और सूझबूझ के साथ पार्टी के कार्यों में जुट गए हैं। उन्होंने परिवार और रिश्ते-नातों को पीछे छोड़कर पार्टी मूवमेन्ट को प्राथमिकता दी है।

​मायावती ने कहा कि पिछले दिनों हुए अप्रिय घटनाक्रमों के लिए आकाश आनंद कम बल्कि उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ ज्यादा जिम्मेदार थे, जिसके बाद उन्हें पार्टी से बाहर कर राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि वे अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी से जुड़ी अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। बसपा सुप्रीमो ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी कीमत पर अशोक सिद्धार्थ को दोबारा पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा।

​ईशान आनंद संभालेंगे केंद्रीय कार्यालय की कमान

​इसके साथ ही मायावती ने घोषणा की है कि आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद, जो लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, अब पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देशन में बीएसपी के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कार्य करेंगे। वे विशेष रूप से पार्टी के चुनावों और अन्य पेपरवर्क से जुड़े कार्यों में अपना सहयोग देंगे। मायावती ने पार्टी के सभी लोगों से अपील की है कि वे स्वार्थी तत्वों के बहकावे में न आएं और तन-मन-धन से आकाश आनंद के कार्यक्रमों को सफल बनाएं।

Dr. Bhanu Pratap Singh