“पूंछरी के लौठा की जय” और “जय गिर्राज महाराज” के जयकारों से गूंजा खाटू श्याम मंदिर, आगरा में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन महोत्सव

RELIGION/ CULTURE

आगरा। पांच दिवसीय दीपोत्सव की श्रृंखला में मंगलवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में गोवर्धन महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर के बाहर गोधन से गोवर्धन महाराज का भव्य स्वरूप स्थापित किया गया। विधि-विधान से पूजन के साथ महोत्सव का शुभारंभ श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, सचिव संजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल, प्रेम चंद्र अग्रवाल ने किया।

इसके बाद परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि गोवर्धन पूजन उत्सव पर श्री श्याम सेवा के अंतर्गत खाटू नरेश की श्रृंगार एवं पोशाक सेवा कृष्णा, गोवर्धन सेवा अभिनव भार्गव की ओर से की गई। अन्नकूट सेवा अर्पित मित्तल ने और लाइटिंग एवं भंडारा सेवा विजय गुप्ता ने की। गोवर्धन पूजन के बाद अन्नकूट प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

इस दौरान श्याम बाबा का नीले और बैंगनी पुष्पों के मध्य मनोहारी श्रृंगार किया गया। आकर्षक विद्युत सज्जा से मंदिर परिसर जगमगा उठा। बाबा श्याम के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। दरबार में ‘पूंछरी के लौठा’ और ‘जय गोवर्धन महाराज’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

Dr. Bhanu Pratap Singh