नितेश तिवारी की ​’रामायण’ के प्रमोशनल इवेंट में नजर आए दुनिया के सबसे पॉपुलर यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट, हाथ जोड़कर लगाए ‘जय श्री राम’ के नारे

ENTERTAINMENT

मुंबई: अभिनेता रणबीर कपूर, दक्षिण भारतीय अभिनेत्री साई पल्लवी और सुपरस्टार यश की मुख्य भूमिकाओं से सजी आगामी बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण- पार्ट वन’ इस साल की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार है। यह फिल्म इस साल दिवाली के पावन अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

फिल्म की रिलीज जैसे-जैसे करीब आ रही है, मेकर्स और कलाकारों ने इसके प्रमोशन में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। खास बात यह है कि मेकर्स ने इस महाकाव्य फिल्म के लिए वैश्विक स्तर (ग्लोबल प्रमोशन) पर तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसके तहत हाल ही में एक भव्य प्रमोशनल इवेंट का आयोजन किया गया।

​इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य कलाकारों के साथ-साथ दुनिया के सबसे लोकप्रिय यूट्यूबर ‘मिस्टर बीस्ट’ (MrBeast) की सरप्राइज मौजूदगी ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

मिस्टर बीस्ट ने लगाए ‘जय श्री राम’ के नारे

इवेंट के दौरान मिस्टर बीस्ट ने भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के प्रति अपना गहरा सम्मान प्रकट किया। उन्होंने वहां मौजूद सभी लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और फिर पूरी ऊर्जा के साथ ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए, जिसे सुनकर वहां मौजूद फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सामने आई तस्वीरों में मिस्टर बीस्ट बेहद कूल और कैजुअल लुक में नजर आए।

​स्टार्स का शानदार एथनिक लुक

इस प्रमोशनल जलसे में बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर शॉर्ट कुर्ते, पैंट और एक क्लासी जोधपुरी जैकेट पहने हुए बेहद हैंडसम लग रहे थे। उन्होंने मिस्टर बीस्ट के साथ कई पोज़ दिए, जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। इसके अलावा, अभिनेत्री साई पल्लवी एक खूबसूरत टिश्यू साड़ी पहनकर इस इवेंट में पहुंचीं, जहां उन्होंने अपनी सादगी और नेचुरल ब्यूटी से एक बार फिर सबका दिल जीत लिया। फैंस के बीच साई का यह ट्रेडिशनल लुक तेजी से पसंद किया जा रहा है।

भगवान शिव का धनुष उठाते नजर आए रणबीर

कार्यक्रम के दौरान फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और अभिनेता रवि दुबे भी अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। इवेंट की कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें रणबीर कपूर भगवान शिव का धनुष अपने हाथों में उठाए हुए नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘रामायण’ के इस प्रमोशनल इवेंट की तस्वीरें और वीडियो छाए हुए हैं, जिससे फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh