गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष पर 29 नवंबर को आगरा से दिल्ली तक निकलेगी विशाल ‘तिलक जंजू रख्यक यात्रा’

PRESS RELEASE

आगरा: सिख पंथ के नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज के 350वें शहीदी शताब्दी वर्ष की पूर्णता के उपलक्ष्य में आगामी 29 नवंबर को आगरा से दिल्ली तक एक भव्य ‘तिलक जंजू रख्यक यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) और ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह महान यात्रा गुरुद्वारा गुरु का ताल से प्रारंभ होकर दिल्ली के चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पर जाकर विश्राम लेगी।

​गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन यात्रा में सम्मिलित होने के लिए दिल्ली से 1000 से अधिक श्रद्धालुओं (संगत) का जत्था 28 नवंबर को ही आगरा पहुंच जाएगा। इस अवसर पर एक विशेष सुसज्जित पालकी साहिब में गुरु महाराज का पावन स्वरूप और गुरु साहिबान के ऐतिहासिक पवित्र शस्त्र, चरण पादुकाएं व अन्य धार्मिक धरोहरें विशेष वाहन के माध्यम से आगरा लाई जाएंगी।

​आगरा से दिल्ली तक का यात्रा मार्ग और तैयारियां

​29 नवंबर रविवार की सुबह पंज प्यारों की अगुवाई और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्र-छाया में आगरा और दिल्ली की संगते नगर कीर्तन व यात्रा लेकर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। यह विशाल यात्रा मथुरा, कोसी, पलवल, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के रास्ते से गुजरते हुए दिल्ली के लाल किला मैदान पहुंचेगी। लाल किला मैदान से सभी श्रद्धालु पैदल मार्च करते हुए चांदनी चौक स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब तक जाएंगे।

​कार्यक्रम की वृहद तैयारियों की समीक्षा के लिए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के उपाध्यक्ष आत्मा सिंह लुबाना और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने गुरुद्वारा गुरु का ताल परिसर में आगरा के सिख समाज के गणमान्य प्रबुद्धजनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, माईथान के प्रधान कवलदीप सिंह और दलजीत सिंह सेतिया ने बताया कि यात्रा मार्ग में आने वाले विभिन्न जिलों में संगत द्वारा यात्रा का जगह-जगह जोरदार और भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित जिलों की कमेटियों से निरंतर संपर्क साधा जा रहा है।

​संगत से यात्रा में शामिल होने और रात्रि विश्राम की अपील

​सुखमनी सेवा सभा के प्रतिनिधि गुरमीत सिंह सेठी और गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने आगरा शहर की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और सिख संगतों से विनम्र अपील की है कि वे 29 नवंबर की सुबह 8 बजे तक अधिक से अधिक संख्या में गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंचकर इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनें।

​गुरुद्वारा गुरु का ताल के मीडिया समन्वयक जसबीर सिंह ने बताया कि दिल्ली स्थित गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम (नाइट स्टे) का विशेष व सुचारू प्रबंध किया गया है। जो भी श्रद्धालु यात्रा के साथ दिल्ली जाकर रुकना चाहते हैं, वे अपने स्थानीय व क्षेत्रीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को समय रहते इसकी सूचना दर्ज करा दें।

​आयोजन समिति की इस बैठक में रमन साहनी, बॉबी वालिया, परमजीत सिंह सरना, बॉबी आनंद, बंटी ओबेरॉय, परमजीत सिंह मक्कड़, प्रवीण अरोड़ा, गुरनाम सिंह अरोड़ा, बंटी ग्रोवर, नीरज सोढ़ी और रौनक सिंह समेत आगरा के विभिन्न गुरुद्वारों की प्रबंधक कमेटियों के प्रमुख पदाधिकारी व सेवादारी उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh