आगरा: कमला नगर के डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व और पीएनसी परिवार के तत्वावधान में चल रहे नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का बुधवार को भक्तिभाव और उत्साह के साथ समापन हो गया।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन के मार्गदर्शन व पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन के संयोजन में संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में देश-दुनिया में शांति, मानवता के उत्थान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन, लंबी आयु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें अपार ईश्वरीय शक्ति मिलने की प्रार्थना की गई। नौ दिनों तक चले आयोजनों में जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पुण्य अर्जित किया।
मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज और मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज के सान्निध्य में यह विधान 17 नवंबर को अष्टान्हिका महापर्व के शुभ अवसर पर आरंभ हुआ था। प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन व आकाश जैन शास्त्री के मार्गदर्शन में प्रतिदिन भगवान जिनेंद्र देव का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं विधान से जुड़े धार्मिक कर्मकांड पूरे किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहतर स्वास्थ्य, दीर्घायु, सामर्थ्य, विवेक और राष्ट्रसेवा के संकल्प को मजबूती मिलने की विशेष मंगलभावना के साथ अनुष्ठान हुए।
आयोजकों के अनुसार, किसी प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना के लिए इस तरह का विशेष धार्मिक आयोजन देश में पहली बार किया गया। साथ ही वैश्विक स्तर पर हिंसा, वैमनस्य और कटुता के अंत तथा शांति, प्रेम, अहिंसा व सद्भाव की स्थापना की कामना भी की गई।
प्रवचन, विश्व शांति महायज्ञ और भक्तिमय शोभायात्रा
बुधवार को समापन के दिन प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। मुनिश्री के सान्निध्य में भगवान जिनेंद्र देव का अभिषेक, शांतिधारा और नित्य नियम पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में धर्म, संयम, आत्मकल्याण और आध्यात्मिक शुद्धि का महत्व समझाया।
उन्होंने कहा कि जीवन में धन और भौतिक सुविधाओं के साथ-साथ धर्म के लिए भी पुरुषार्थ करना आवश्यक है, क्योंकि धर्म ही परिवार और समाज के रिश्तों को सुदृढ़ बनाता है। परिवार की एकता, आपसी स्नेह और संस्कारों की रक्षा करना एक बड़ी साधना है। मुनिश्री ने कहा कि जैन कुल में जन्म लेना बड़े पुण्य का फल है, इसलिए इस जीवन को भोग-विलास के बजाय धर्म, सेवा और आत्मकल्याण में लगाना चाहिए।
प्रवचन के उपरांत विश्व शांति महायज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आहुतियां डालकर देश-विदेश में सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। महायज्ञ के बाद भगवान जिनेंद्र देव की भव्य रथयात्रा और पात्रों की शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, भक्ति संगीत, जयकारों और धार्मिक धुनों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। यह शोभायात्रा मुख्य पंडाल से शुरू होकर महावीर पार्क और श्री चक्रेश जी की कोठी के समीप से होते हुए डी-ब्लॉक, श्रीराम चौक, टंकी चौराहा व कमला नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। रास्ते में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर भगवान का वंदन किया और फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया।
रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धा व आकर्षण का संगम
नौ दिवसीय महाअनुष्ठान की समापन रथयात्रा में श्रद्धा, भक्ति और भव्यता का अनूठा मेल दिखा। शोभायात्रा के अग्रिम हिस्से में श्रद्धालु विधान महोत्सव का बैनर लेकर चल रहे थे। उनके पीछे ऊंटों पर सजे नगाड़े, आकर्षक घोड़ियां, डीजे गाड़ियां और ढोल बजाने वाली टोलियां शामिल थीं। यात्रा में 12, 20 और 40 सदस्यीय बैंड सहित अन्य बैंड दलों ने अपनी धुनों से वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। रजत रथ, घोड़ों से सजे रथ और छाताधारी भी यात्रा के मुख्य आकर्षण रहे। पारंपरिक परिधानों में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश रखकर चल रही थीं।
पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन अपने परिवार सहित पहली बग्गी में और राज्यसभा सांसद नवीन जैन अपने परिवार सहित दूसरी बग्गी में सवार थे। चक्रेश जैन और योगेश कुमार जैन के परिवार भी अलग-अलग बग्गियों में मौजूद रहे, जबकि परिवार की बुआ व अन्य परिजनों के लिए भी पृथक बग्गियों की व्यवस्था की गई थी।
शोभायात्रा में परिवार की महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। भगवान श्रीजी को रथ पर विराजमान कर यात्रा में लेकर चलने का सौभाग्य महेंद्र इंद्र वैभव जैन को प्राप्त हुआ। पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा, आरती और जयकारों के बीच शोभायात्रा का भव्य अभिनंदन किया गया।
अतिथियों का सम्मान और सांसद नवीन जैन का संबोधन
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा ब्रज क्षेत्र मंत्री वीना लवानियां और महिला आयोग की पूर्व सदस्य निर्मला दीक्षित सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। राज्यसभा सांसद नवीन जैन, पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन और चक्रेश जैन ने पटका पहनाकर सभी अतिथियों का स्वागत व सम्मान किया।
इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि नौ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण की मंगलभावना के साथ किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। गरीबों के उत्थान, युवाओं के सशक्तीकरण, महिलाओं के सम्मान, राष्ट्रीय सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। पीएम मोदी ने अपने दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दी है।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि ऐसे समय में जब देश को एकजुट होकर विकास की गति को आगे बढ़ाना चाहिए, तब विपक्ष के कुछ दल जनहित के मुद्दों पर साथ देने के बजाय केवल विरोध और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता सब देख रही है और विकास व राष्ट्रहित के कार्यों को ही प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए नौ दिनों तक विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए हैं। ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जगाने के साथ प्रेम, एकता, अहिंसा और भाईचारे का संदेश देते हैं।
नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। आयोजन में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, प्रवीण जैन नेताजी, विमल चौधरी, सुबोध जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हीना जैन, अंकिता जैन एवं आयुषी जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य मौजूद रहे। साथ ही मीडिया प्रभारी शुभम जैन व राहुल जैन, आगरा के जैन संगठनों के पदाधिकारी, जैन समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भगवान जिनेंद्र देव की आराधना, विश्व शांति की कामना और धर्ममय माहौल के बीच नौ दिवसीय महाअनुष्ठान का समापन हुआ।
- Agra News: फतेहाबाद रोड पर ताज ईस्ट गेट तक बनेंगे 15 नए पार्किंग स्थल, जर्जर सुभाष बाजार की दुकानों पर चलेगा बुलडोजर! - November 26, 2026
- आगरा तेजाब कांड: 4.5 साल बाद भी न्याय अधूरा, वारंट बिना तामील लौटाने पर अदालत सख्त; पुलिस आयुक्त से मांगा जवाब - November 26, 2026
- आगरा के हीराबाग पार्क में 26-27 नवंबर को ‘बृजधरा साहित्योत्सव’, फिल्म ‘चिड़ी-बल्ला’ की स्क्रीनिंग और हिंदी छात्र सम्मान होगा मुख्य आकर्षण - November 26, 2026