आगरा: श्री रामलीला महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित हो रहे भव्य जनकपुरी महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को गोधूली बेला में भावना एस्टेट रोड पर एक ऐसा अलौकिक और मनमोहक दृश्य साकार हुआ, जिसने हर देखने वाले को त्रेता युग की मिथिला नगरी में पहुंचा दिया। ढलते सूर्य की सुनहरी किरणों के बीच जब कावेरी कौस्तुंभ से जनक महल तक प्रभु श्रीराम, जनक दुलारी माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न रथ पर सवार होकर पधारे, तो उनके दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालुओं की आंखें श्रद्धा से भर उठीं और पूरा वातावरण ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा।
रथ पर प्रभु श्रीराम और माता सीता के साथ चारों भाइयों के दिव्य स्वरूपों के दर्शन ने जनकपुरी की भव्यता में चार चांद लगा दिए। इस दौरान राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल और रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आरती के बाद गूंजी हनुमान चालीसा
जैसे ही रथ जनक महल पहुंचा, राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल ने प्रभु श्रीराम, माता सीता और सभी स्वरूपों की विधि-विधान से आरती उतारकर उनका आत्मीय स्वागत किया। आरती के तुरंत बाद सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ एक भव्य भक्तिमय संध्या का शुभारंभ हुआ। ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ फेम ‘द क्रेजी हॉकर्स’ प्रीति की टीम ने अपनी नृत्य प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में जब “जय हनुमान ज्ञान गुण सागर” का पाठ किया, तो पूरा जनकपुरी परिसर पूरी तरह भक्तिरस में डूब गया।
कुमार विशु की आवाज में सजी रामायण की चौपाइयां और कबीर की वाणी
हनुमान चालीसा के उपरांत प्रसिद्ध भजन गायक कुमार विशु ने अपनी सुरीली और भावपूर्ण प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने रामायण की पावन चौपाइयों, प्रभु श्रीराम के भजनों और संत कबीर के सारगर्भित दोहों को अपनी अनूठी शैली में प्रस्तुत किया।
जब कुमार विशु ने “मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवउ सो दशरथ अजिर बिहारी” जैसी चौपाइयों का गायन किया, तो पूरा पंडाल झूम उठा। इसके बाद कबीर की वाणी के माध्यम से उन्होंने प्रेम, सत्य, सदाचार और आत्मबोध का संदेश दिया। संगीत, भक्ति और ज्ञान का यह अनूठा संगम देर रात तक जनकपुरी की फिजाओं में गूंजता रहा।
गणमान्य जनों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस दिव्य अवसर पर शहर के कई विशिष्ट अतिथि और गणमान्यजन उपस्थित रहे। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चौधरी उदयभान सिंह, मधु बघेल, जिलाधिकारी मनीष बंसल और श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने रथ पर विराजे प्रभु के दर्शन किए और उनकी आरती उतारी।
वहीं, जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव, संतोष कटारा, मनोज बंसल, अरविंद शर्मा, संजय गोयल, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी सहित महिला समिति की सदस्याओं ने पूरे आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का सुंदर और आकर्षक संचालन डॉ. रुचि चतुर्वेदी और दीपक जैन ने संयुक्त रूप से किया।
- आगरा में सीईसी के खिलाफ सपा का हल्लाबोल: कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान पुलिस से तीखी झड़प, सांसद रामजीलाल सुमन हाउस अरेस्ट - October 8, 2026
- डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में रैगिंग का मामला: एमएससी बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा ने सीनियर पर लगाया सार्वजनिक रूप से बेइज्जत करने का आरोप - October 8, 2026
- चुनाव में हार सामने देख चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है विपक्ष: डिप्टी सीएम बृजेश पाठक - October 8, 2026