आगरा के वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पूजा महोत्सव; भक्तों ने किया दुग्धाभिषेक और लिया अन्नकूट प्रसादी का आनंद

PRESS RELEASE

आगरा। प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुर में गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट प्रसादी का आयोजन भव्यता और धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा एवं पंकज शास्त्री के मार्गदर्शन में आयोजित पूजन का शुभारंभ श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर महंत अनंत उपाध्याय ने गोवर्धन पूजा का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ अंगुली पर धारण कर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के संरक्षण के साथ भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है।

भक्तों ने गोबर से निर्मित भगवान श्रीकृष्ण के विशाल स्वरूप के दर्शन कर दुग्ध अर्पित किया और आरती उतारी। इसके बाद ‘मानसी गंगा हर गंगे, गोवर्धन की परिक्रमा दो…’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगाई। मंदिर परिसर में आयोजित अन्नकूट प्रसादी का भक्तों ने आनंद लिया।

इस अवसर पर अजय उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, लता, ममता, आयुष, वंदना, संजय, हनी, अशोक अग्रवाल, कृष्णा मिठास, संदीप अग्रवाल, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, प्रशांत जैन, निशी नेहरू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh