सीतापुर में धनतेरस पर दर्दनाक सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 महिलाओं की मौत, 11 घायल

REGIONAL

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में धनतेरस के पावन अवसर पर एक अत्यंत हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। पिसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगावां-कुल्हा घाट मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे बेकाबू तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार दर्जनों लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। इस दर्दनाक हादसे में 5 महिलाओं की अकाल मृत्यु हो गई, जबकि 11 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मुंडन संस्कार करवाकर लौट रहे थे ग्रामीण, रास्ते में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरगावां गांव के निवासी एवं रिश्तेदार (लगभग 15 से अधिक लोग) पड़ोसी जिले हरदोई के खटेली स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में एक बच्चे का मुंडन संस्कार संपन्न कराने गए थे। धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के उपरांत सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे।

​शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली हिम्मतनगर गांव के समीप बरगावां-कुल्हा घाट मार्ग पर पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार और कोहराम मच गया।

​महोली अस्पताल में डॉक्टरों ने 5 महिलाओं को घोषित किया मृत

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहगीरों व ग्रामीणों की सहायता से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पिसावां और महोली भिजवाया गया। महोली अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने 5 महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान काजल (पुत्री दाताराम), सुशीला (50, पत्नी विष्णु), रूबी (22, पुत्री विष्णु), सुनीता (40, पत्नी रामकुमार) और एक अन्य महिला के रूप में हुई है।

​11 से अधिक घायल, अस्पतालों में उपचार जारी

​इस दुर्घटना में प्रेमवती, रामवती, आशा, चमेली, मुन्नी देवी, गुड़िया, रूबी, कल्पना, जीतू, मायावती, कंचना, उन्नति, दुलारी, रामबेटी, रामदेवी, रामसुखी और जाह्नवी समेत 11 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज पिसावां, महोली और सीतापुर जिला अस्पताल में चल रहा है।

​हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल और स्थानीय विधायक शशांक त्रिवेदी ने तत्काल अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को समुचित व प्राथमिकता के आधार पर इलाज मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए।

Dr. Bhanu Pratap Singh