लखनऊ। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर इंडिया गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे पर सियासी मंथन तेज हो गया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बैठकों का दौर जारी है। सियासी गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि शुरुआती दौर की बातचीत में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिससे सियासी हलकों में नई चर्चा छिड़ गई है।
’जीतनेवाली पहली 26 सीटों से हुई है शुरुआत’: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए लिखा, “जीतनेवाली पहली ’26 सीटों’ से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात…” अखिलेश यादव के इस संदेश से यह संकेत मिल रहा है कि सपा नेतृत्व इस शुरुआती प्रस्ताव को निर्णायक नहीं बल्कि एक शुरुआत के रूप में देख रहा है, जिस पर आपसी सहमति और समझदारी के साथ आगे बढ़ा जाएगा। बताया जा रहा है कि दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर अभी कई चरणों में बातचीत होगी, जिसके बाद ही सीटों के बंटवारे पर अंतिम मुहर लग सकेगी।
26 सीटों के प्रस्ताव और 2022 के समीकरणों की चर्चा
दरअसल, मंगलवार दोपहर से ही यह खबर सामने आई थी कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जिनमें दो सीटें वे भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर दोनों दलों की ओर से अभी तक कोई औपचारिक या आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
’अगली दो बैठकों में पूरा निर्णय ले लिया जाएगा’: राजेंद्र पाल गौतम
सीट बंटवारे की कवायद के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच हुई दूसरे दौर की बैठक को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगली दो बैठकों के भीतर सीटों के बंटवारे पर पूरा निर्णय ले लिया जाएगा। राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, काफी बड़ी संख्या में सीटों पर चर्चा हो चुकी है और एक-एक सीट पर ठोस डेटा के साथ विचार-विमर्श किया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि दोनों दलों के बीच सकारात्मक बातचीत चल रही है और हम बहुत सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह निश्चित है कि दोनों पार्टियां सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं, और अगली दो बैठकों में इस प्रक्रिया को संपन्न कर लिया जाएगा तथा आपसी समझौता हो जाएगा।
- सपा-कांग्रेस में सीटों के गणित पर सियासी सरगर्मी: अखिलेश यादव बोले— ’जीतनेवाली पहली 26 सीटों से हुई है शुरुआत’ - November 24, 2026
- बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच विवाद का पटाक्षेप: बातचीत के बाद मामला खत्म, योगगुरु बोले— आवेश में निकले कठोर शब्द - November 24, 2026
- आगरा में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 7 माह के मासूम की मौत, मां गंभीर घायल; परिवार में पसरा मातम - November 24, 2026