लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ के विभिन्न बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और जमीनी हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के बीच जाकर उन्हें राहत सामग्री वितरित की और बीकेटी (बख्शी का तालाब) क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित हुए परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरे के बीच मुख्यमंत्री ने फैजुल्लागंज से लेकर नैमिष तक एक नया तटबंध बनवाने की बड़ी घोषणा की है, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र के लोगों को बाढ़ की विभीषिका से बचाया जा सके।
उधर, मुख्यमंत्री के इस हवाई दौरे के सामने आते ही सियासत भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए सीएम योगी पर जोरदार तंज कसा।
अखिलेश यादव ने शायराना और कड़े अंदाज में लिखा “बड़ी देर कर दी मेहरबां आते-आते… हैलीकाप्टर क्या मेंटेनेंस के लिए गया हुआ था? असंवेदनशीलता की भी हद होती है। जिनको अपने बगल का हाल लेने की फुरसत नहीं है वो पूरा प्रदेश क्या संभालेंगे। जनता पूछ रही है कि ऊपर से देखने से क्या यह पता चला कि जलभराव का कारण क्या है या फिर हवाई दौरा सिर्फ दिखावटी था। गए भी तो किसी के दबाव बनाने पर, मन से नहीं। अब जनता भी इनको हवा-हवाई कर देगी।”
फैजुल्लागंज से नैमिष तक बनेगा नया तटबंध
राजधानी लखनऊ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एरियल सर्वे करने के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव को सख्त निर्देश दिए कि वे फैजुल्लागंज से लेकर नैमिष तक गोमती नदी के किनारों का विस्तृत सर्वे कराएं और वहां एक मजबूत तटबंध का प्रस्ताव जल्द से जल्द तैयार करें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि तटबंध के बाहरी हिस्से में बारिश के बाद किसी भी तरह का जलभराव न होने पाए, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
बख्शी का तालाब (BKT) के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि गोमती नदी की उफनती बाढ़ से फैजुल्लागंज से लेकर नैमिष तक के संपूर्ण भूभाग को सुरक्षित करने के लिए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ की तर्ज पर एक आधुनिक तटबंध का निर्माण कराया जाएगा। इस प्रस्तावित तटबंध के ऊपर एक रास्ता भी बनाया जाएगा, जिससे यह बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के आवागमन और यातायात के भी काम आ सके।
- विपक्ष का हल्ला-बोल: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध मार्च, राहुल-प्रियंका और अखिलेश को हिरासत में लिया - October 6, 2026
- यूपी के अस्पतालों में दवाओं की अंधेरगर्दी: 74 रुपये का इंजेक्शन 4,980 रुपये में बिक रहा, एफएसडीए की छापेमारी में हुआ बड़ा खुलासा - October 6, 2026
- लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लेबर रूम में लगी भीषण आग, मची अफरातफरी, दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर - October 6, 2026